बिहार लोक सेवा आयोग की 70वीं संयुक्त परीक्षा को अभ्यर्थी रद्द करने की मांग कर रहे हैं। रविवार को पुलिस ने अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज कर दिया। अब इस मामले में सियासत भी गरमा गई है। राजद और वाम दल ने BPSC अभ्यर्थियों पर पुलिस की लाठीचार्ज का विरोध जताते हुए नीतीश सरकार पर निशाना साधा है। वहीं, इस मामले में वाम दल माले ने आज पूरे बिहार में चक्का जाम करने का ऐलान किया है।
बिहार में चक्का जाम किया जाएगा
माले ने कहा है कि अभ्यर्थियों के समर्थन में 30 दिसंबर को संपूर्ण बिहार में चक्का जाम किया जाएगा। रेल परिचालन को भी रोका जाएगा। बिहार बंद का समर्थन छात्र संगठन AISA और RYA ने भी किया है। रविवार को अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच झड़प भी देखने को मिली। अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज करते हुए पानी की बौछार का प्रयोग किया।
ठंड में पानी की बौछार
वहीं, इस मामले को लेकर राजनीति भी गरमाई हुई है. पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर पर छात्र आंदोलन को भटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 70 वीं BPSC परीक्षा के अभ्यर्थियों पर पुलिस से लाठीचार्ज कराया। उन पर ठंड में पानी की बौछार की गई। तेजस्वी ने कहा कि इस मामले में नॉर्मलाइजेशन को लेकर हमने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी चिट्ठी लिखी, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं आया। फिर अभ्यर्थियों ने आंदोलन किया तो उन्हें पीटा गया। डीएम ने भी उन्हें थप्पड़ मारा और हाथापाई हुई।
प्रशांत किशोर पर तेजस्वी का निशाना
उन्होंने आगे कहा कि इस सब के बाद BPSC आयोग ने क्लेरिफाई किया कि नॉर्मलाइजेशन नहीं होना है। ऐसी कोई बात नहीं है, लेकिन हमने सवाल उठाया कि पहले क्लियर क्यों नहीं किया गया। तेजस्वी यादव ने कहा कि वह भी रीएग्जाम के पक्ष में खड़े हैं। उन्होंने कहा कि ये नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। यही नहीं, उन्होंने प्रशांत किशोर पर हमला करते हुए कहा कि कुछ लोग आंदोलन को हाइजैक करना चाहते हैं।