दिल्ली। चीन में आयोजित एशियाई खेलों और एशियाई पैरा खेलों में पदक जीतने वाले सशस्त्र बलों के कर्मियों को पुरस्कार में धनराशि देने की घोषणा कर दी है। इसके तहत स्वर्ण पदक, रजत पदक और कांस्य पदक विजेताओं को 25 लाख से लेकर 10 लाख तक के वित्तीय प्रोत्साहन को मंजूरी दे दी है।
सशस्त्र बलों के कर्मियों का उत्साहवर्धन करने के लिए पुरस्कार में धनराशि देने की घोषणा
दरअसल, सितंबर-अक्टूबर 2023 में हांगझू, चीन में आयोजित 19वें एशियाई खेलों और चौथे एशियाई पैरा खेल का आयोजन किया गया था। जिसमें कई सशस्त्र बलों के कर्मियों ने स्वर्ण पदक, रजत पदक और कांस्य पदक जीतकर देश को गौरान्वित किया था। ऐसे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सशस्त्र बलों के कर्मियों का उत्साहवर्धन करने के लिए दोनों खेलों के स्वर्ण पदक विजेताओं को 25 लाख रुपये, रजत पदक विजेताओं को 15 लाख रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को 10 लाख रुपये का नकद इनाम देने के लिए मंजूरी दे दी है।
कई सशस्त्र बलों के कर्मियों ने देश को किया गौरवान्वित
कई सेवा एथलीटों ने खेलों में देश को गौरवान्वित किया। वहीं रक्षा मंत्री ने उनकी वापसी पर उन्हें सम्मानित किया और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने सात पैरा एथलीटों सहित 45 पदक विजेताओं को नकद पुरस्कार देने की भी मंजूरी दी थी। इन 45 एथलीटों ने एशियाई खेलों में 9 स्वर्ण, 18 रजत और 17 कांस्य पदक और एशियाई पैरा खेलों में 1 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य पदक जीते।
सशस्त्र बलों के कर्मियों के लिए रक्षा मंत्रालय द्वारा पहली बार घोषित यह वित्तीय प्रोत्साहन इन एथलीटों को पेरिस ओलंपिक गेम्स 2024 के क्वालीफाइंग इवेंट में और भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा, इसके लिए वे अभी तैयारी कर रहे हैं।
Comments (0)