दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले ही राजधानी में राजनीतिक पारा चढ़ने लगा है। लोकसभा चुनाव 2024 में गठबंधन कर चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच खूब जुबानी तीर चलाए जा रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को ये कहते 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है कि, वह उन नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करे जिन्होंने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर टिप्पणी की थी और उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित का बयान
आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच जारी खींचतान के बीच कांग्रेस पार्टी के सीनियर नेता संदीप दीक्षित ने एक बड़ा बयान दिया है। आपको बता दें कि, संदीप दीक्षित दिल्ली कांग्रेस के बड़े नेताओं में से एक हैं और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी के अल्टीमेटम के बाद कहा है कि, आम आदमी पार्टी के साथ 40 दिनों का गठबंधन पार्टी की सबसे बड़ी भूल थी। दीक्षित ने आगे कहा कि, मैं तब भी कहता था और मैं अब भी कहता हूं।
चुनाव के दौरान पार्टी वादा करती है
कांग्रेस पार्टी के सीनियर नेता संदीप दीक्षित ने आम आदमी पार्टी से सवाल पूछा कि, वो बताएं कि, आखिर भारतीय जनता पार्टी मेरे चुनाव पर कितना खर्च कर रही है। मैं 27 दिसंबर को प्रेस वार्ता कर आम आदमी पार्टी से सिलसिलेवार तरीके से उनके आरोपों पर सवाल पूछूंगा। केजरीवाल ने 10 साल में सिर्फ आरोप लगाए। दिल्ली के उपराज्यपाल से मुलाकात पर कांग्रेस नेता ने कहा कि, जब मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना शुरू की गई, तब हम संशय में थे। मुद्दा यह नहीं है कि कौन सी पार्टी क्या वादा कर रही है क्योंकि चुनाव के दौरान पार्टी वादा करती है।
मुख्यमंत्री झूठ बोल रही हैं - संदीप दीक्षित
संदीप दीक्षित ने आगे कहा कि, कांग्रेस की सरकारों ने भी इसी तरह की राशि की पेशकश की है और हम दिल्ली की जनता से कहेंगे कि, अगर हम सत्ता में आएंगे तो इसी तरह के लाभों की घोषणा करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि, मुद्दा वादों का नहीं है बल्कि इस बारे में है कि, मुख्यमंत्री और अन्य लोगों ने कैसे यह कहना शुरू कर दिया कि, वे महिला सम्मान योजना के तहत राशि बढ़ा रहे हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि उन्हीं की सरकार से विज्ञापन जारी किया जाता है कि, मुख्यमंत्री झूठ बोल रही हैं।
ऐसी कोई स्कीम नहीं है - संदीप दीक्षित
दिल्ली कांग्रेस के बड़े नेताओं में से एक संदीप दीक्षित ने आप सरकार पर हमला बोलते हुए आगे कहा कि, ऐसी कोई स्कीम नहीं है, ऐसा कोई प्रावधान नहीं है। विभाग ने लोगों को चेताया कि, अगर फॉर्म भरते हैं तो धोखाधड़ी हो सकती है। संदीप दीक्षित ने आगे कहा कि, मैंने एलजी से मांग की है कि, इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए।
Comments (0)