यूपी की सभी नौ विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में विपक्षी गठबंधन इंडिया की तरफ से समाजवादी पार्टी के अकेले लड़ने के ऐलान के बाद राज्य की राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। वहीं अखिलेश यादव ने कल रात में कहा कि, बात सीट की नहीं जीत की है इस रणनीति के तहत ‘इंडिया गठबंधन’ के संयुक्त प्रत्याशी सभी 9 सीटों पर समाजवादी पार्टी के चुनाव चिन्ह ‘साइकिल’ के निशान पर चुनाव लड़ेंगे। वहीं इस पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने गुरुवार को इसपर प्रतिक्रिया दी।
कांग्रेस पर बीजेपी ने कसा तंज
भारतीय जनता पार्टी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने देश की सबसे पुरानी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि, कांग्रेस मुक्त कराने का नारा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिया था, लेकिन उसको साकार करने का काम अखिलेश यादव कर रहे हैं। उन्होंने ऐलान कर दिया है कि, उनके साइकिल चुनाव चिन्ह पर ही सभी नौ सीटों पर उपचुनाव लड़े जाएंगे। अब कांग्रेस का हाथ खाली हो गया और ये हाथ का पंजा सिर्फ हाथ मलता रहेगा।
कांग्रेस पार्टी के इस दुर्दशा का कारण वो खुद है
राकेश त्रिपाठी ने यहां आगे कहा कि, कांग्रेस पार्टी के इस दुर्दशा का कारण वो खुद है। कांग्रेस ने मध्य प्रदेश और हरियाणा में जैसा व्यवहार समाजवादी पार्टी के साथ किया, वैसा ही सपा ने आज कांग्रेस के साथ किया है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि, कांग्रेस पार्टी इतनी मजबूर हो चुकी है कि पांच सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग करते-करते बिना चुनाव लड़े ही संतोष कर रही है।
उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को मतदान होंगे
आपको बता दें कि, यूपी नौ की विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट शेयरिंग का मुद्दा काफी चर्चा में रहा। कांग्रेस जहां प्रदेश में चार से पांच सीटें मांग रही थी, जबकि सपा, कांग्रेस को सिर्फ दो सीटें देने को तैयार थी। वहीं सपा ने अब सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। बता दें कि यूपी की सभी नौ सीटों पर उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को मतदान होंगे, वहीं इसके नतीजे 23 नवंबर को सामने आएंगे। नामांकन की आखिरी तारीख 25 अक्टूबर है।
Comments (0)