लखनऊ | उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके तहत 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकेंगे। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
12 नवंबर को जारी होगा मतदाता सूची का ड्राफ्ट
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, मतदेय स्थलों का पुनर्गठन 2 नवंबर तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर को एकीकृत मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशित होगा। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने या अन्य आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक का समय निर्धारित किया गया है।
राजनीतिक दलों के साथ होंगी बैठकें
मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए राज्य और जिला स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। जिला निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
नए मतदाता बनने का मिलेगा मौका
इस पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत पात्र युवा मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी प्रक्रिया संपन्न कर उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची को अपडेट किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को प्रस्तावित है। पात्र नागरिकों को निर्धारित अवधि में अपने नाम की जांच करने और जरूरत पड़ने पर दावा या आपत्ति दर्ज कराने की सलाह दी जाती है।