राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत भीषण शीतलहर की चपेट में है। इस बीच, दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह से मौसम का मिजाज बदल हुआ है। आसमान में काली घटाएं छा गई हैं। साथ ही हल्की बूंदाबांदी भी शुरू हो गई है. मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 27 दिसंबर को सुबह और शाम में हल्की बारिश होने का अनुमान जताया था। दिल्ली में आज 27 दिसंबर को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
3 दिनों तक बारिश का येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज हल्की बारिश के साथ आंधी के साथ बिजली चमकेगी और तेज हवाएं चलेंगी। इसके अलावा मौसम विभाग ने दिल्ली में 3 दिनों तक बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही शीतलहर और घने कोहरे का पूर्वानुमान जारी किया है। IMD के अनुसार दिल्ली एनसीआर में आज और कल काफी महत्वपूर्ण है, 27 और 28 दिसंबर को तेज हवाओं यानी तूफान के साथ तेज बारिश की संभावना है। विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में 26 दिसंबर को अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस था।
नए साल से पहले बारिश का अलर्ट
आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश में मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार नए साल से पहले राज्य में बारिश, ओलावृष्टि, कोहरा और शीतलहर का प्रकोप देखने को मिलेगा. राज्य में 27 दिसंबर को कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा कई जिलों में घना कोहरा छाएगा। बिहार के कई जिलों में आज मौसम खराब होने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकतर जिलों में 27 से 29 दिसंबर के बीच बारिश की संभावना जताई है। बारिश होने की वजह से न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश में आने वाले दो दिनों के लिए मौसम खराब होने की चेतावनी जारी की है।