विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद बड़े फैसलों की शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री बनने के तुरंत बाद उन्होंने कई अहम आदेश जारी किए। सीएम विजय ने धार्मिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और बस अड्डों के 500 मीटर के दायरे में स्थित सरकारी शराब दुकानों को बंद करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अगले दो हफ्तों के भीतर इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
मंच से ही किए तीन बड़े फैसले
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान ही विजय ने तीन अहम फाइलों पर हस्ताक्षर किए। इनमें 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली, महिलाओं की सुरक्षा के लिए स्पेशल टास्क फोर्स और नशे के खिलाफ विशेष अभियान शामिल हैं।
महिलाओं की सुरक्षा पर फोकस
महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए राज्य स्तरीय स्पेशल टास्क फोर्स के गठन का ऐलान किया गया है। साथ ही हेल्पलाइन और फास्ट-ट्रैक जांच व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया है।
नशे के खिलाफ हर जिले में विशेष फोर्स
सरकार ने ड्रग्स और शराब की अवैध बिक्री रोकने के लिए हर जिले में एंटी-नारकोटिक्स स्पेशल फोर्स बनाने का फैसला लिया है। स्कूल-कॉलेजों के आसपास खास निगरानी रखी जाएगी।
गठबंधन के समर्थन से बनी सरकार
TVK को कांग्रेस, CPI, CPI(M), VCK और IUML के समर्थन से बहुमत मिला। पार्टी को 1.72 करोड़ वोट प्राप्त हुए, जो राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।