पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने बिलासपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान ‘जी राम जी’ (बीबीजी रामजी) योजना को लेकर कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार भ्रम फैलाकर विकास कार्यों में बाधा डालने का प्रयास कर रही है।भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को केवल गांधी नाम की राजनीति करनी है, जबकि महात्मा गांधी के सिद्धांतों और गरीब कल्याण से उसका कोई वास्तविक जुड़ाव नहीं है।
योजना का नाम बदला गया
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि वर्ष 1999 में शुरू हुई ‘जवाहर समृद्धि योजना’ के समय कांग्रेस को महात्मा गांधी की याद नहीं आई। उन्होंने आरोप लगाया कि 2009 में राजनीतिक लाभ के लिए योजना का नाम बदला गया। उस समय की योजनाओं में बड़े पैमाने पर घोटाले होते थे, फर्जी मास्टर रोल बनाए जाते थे और गरीबों का हक मारा जाता था।
मोदी सरकार में आई पारदर्शिता
सांसद ने कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तकनीक के जरिये व्यवस्था में आमूलचूल बदलाव किया गया। अब कार्यों की निगरानी सैटेलाइट और जियो टैगिंग से होती है। नई योजना में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल किया जाएगा और डिजिटल हाजिरी अनिवार्य होगी, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी। साथ ही सात दिन के भीतर भुगतान और पात्र लाभार्थियों को बेरोजगारी भत्ता देने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
बंगाल में मनरेगा का सारा पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए कहा कि वहां मनरेगा का सारा पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, कांग्रेस के लिए गरीबी राजनीति का साधन है, जबकि भाजपा के लिए गरीब कल्याण सेवा का संकल्प है। गरीबी खत्म हुई तो कांग्रेस की राजनीति भी खत्म हो जाएगी, इसलिए वह विकास का विरोध करती है।
Comments (0)