टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम का जल्द ही सम्मान होने जा रहा है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 ट्रॉफी जीती। हालांकि इस बार वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया को पिछले खिताब की तरह ‘विक्ट्री परेड’ का हिस्सा बनने का मौका नहीं मिला। मगर इसकी भरपाई BCCI अपने सालाना सम्मान समारोह में करने जा रही है, जहां टीम का सम्मान होगा।
गिल को मिलेगा क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड
इसके साथ ही भारतीय क्रिकेट के अन्य सितारों को भी अवॉर्ड दिया जाएगा और इसमें सबसे बड़ा अवॉर्ड इस बार मिलने वाला है टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल को, टेस्ट और वनडे कप्तान गिल को पिछले साल के लिए ‘क्रिकेटर ऑफ द इयर अवॉर्ड’ से सम्मानित किया जाएगा।
राहुल द्रविड़ का होगा सम्मान
रविवार 15 मार्च को नई दिल्ली में BCCI की ओर से ‘नमन’ (NAMAN) अवॉर्ड्स का आयोजन किया जाएगा, जो बोर्ड की ओर से हर साल खिलाड़ियों, पूर्व खिलाड़ियों, कोच और अंपायरों को अलग-अलग कैटेगरी में दिए जाते हैं। इसमें पिछले साल सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया जाता है। इस बार ये सम्मान 2025 में दमदार खेल दिखाने वालों को दिया जाएगा, जिसमें टीम के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल और पूर्व कोच राहुल द्रविड़ को सम्मानित किया जाएगा।
Comments (0)