धर्मशाला: पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए राज्य की आर्थिक स्थिति को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से कई गारंटियां की थीं, लेकिन उन्हें पूरा करने के बजाय प्रदेश को कर्ज के बोझ में डाल दिया। पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश पर कर्ज बढ़कर 1 लाख 12 हजार करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस सरकार को उसकी गारंटियों का जवाब देगी।
कांग्रेस सरकार पर गारंटियां पूरी नहीं करने का आरोप
सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान जनता से कई बड़े वादे किए थे। लेकिन सरकार बनने के बाद इन गारंटियों को पूरा करने में नाकाम रही। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार की नीतियों के कारण हिमाचल की आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है और राज्य पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ा है।अनुराग ठाकुर ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव प्रदेश की जनता के लिए कांग्रेस सरकार के कामकाज का हिसाब लेने का अवसर होंगे। उन्होंने भाजपा की सत्ता में वापसी का दावा भी किया।
हिमाचल के 7.19 प्रतिशत हिस्से का उठाया मुद्दा
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रदेश के अधिकारों और विकास परियोजनाओं को लेकर भी कांग्रेस सरकार को घेरा। उन्होंने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) में हिमाचल प्रदेश के 7.19 प्रतिशत हिस्से का मुद्दा उठाया।उन्होंने कहा कि भाजपा ने हिमाचल को उसका अधिकार दिलाने के लिए राजनीतिक स्तर से लेकर न्यायालय तक प्रयास किए हैं। सांसद ने किशाऊ बांध और BBMB से जुड़े मामलों में केंद्र सरकार के फैसलों का भी जिक्र किया।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के कार्यकाल में हिमाचल का औद्योगिक पैकेज और विशेष राज्य का दर्जा समाप्त किया गया था। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने हिमाचल के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर फैसले लिए हैं।
धर्मशाला कॉलेज के शताब्दी समारोह में पहुंचे अनुराग ठाकुर
दरअसल, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला में 13 से 16 नवंबर तक चार दिवसीय शताब्दी समारोह आयोजित किया जा रहा है। समारोह का शुभारंभ 13 नवंबर को हुआ, जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।इस दौरान उन्होंने कॉलेज के गौरवशाली इतिहास और शैक्षणिक योगदान की सराहना की। उन्होंने आयोजन के लिए ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन (OSA) को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान की ऐतिहासिक विरासत को सहेजने का यह सराहनीय प्रयास है।
पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियों को याद किया
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला कॉलेज का इतिहास गौरवशाली रहा है। यहां से शिक्षा प्राप्त कर कई पूर्व विद्यार्थियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है।उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन केवल संस्थान के इतिहास और उपलब्धियों को याद करने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि नई पीढ़ी को भी अपनी शैक्षणिक विरासत से जोड़ते हैं। पूर्व विद्यार्थियों की यादों और उपलब्धियों को संजोने में ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन की महत्वपूर्ण भूमिका है।