भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और सांसद अनुराग ठाकुर ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। ठाकुर ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल वोट बैंक की राजनीति के लिए देश की सुरक्षा और पहचान से भी समझौता करने को तैयार हैं।
राशन कार्ड से वोटर कार्ड तक?
एक प्रेस बातचीत में अनुराग ठाकुर ने कहा- क्या वोट बैंक की राजनीति के लिए कुछ राजनैतिक दल इतना नीचे गिर जाएंगे कि घुसपैठियों और रोहिंग्या मुसलमानों के पहले राशन कार्ड बनवाएंगे और फिर उन्हें मुफ्त राशन दिलवाएंगे?... अब क्या ये दल चुनाव जीतने के लिए इन घुसपैठियों के वोटर कार्ड भी बनवाएंगे? ठाकुर ने सीधे तौर पर यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली के विधानसभा चुनावों में अरविंद केजरीवाल सरकार ने घुसपैठियों को संरक्षण दिया और उनकी सुविधा के लिए योजनाएं चलाईं।
विपक्ष की "मानसिकता" पर सवाल
भाजपा सांसद ने विपक्ष पर सीधा हमला करते हुए कहा - यह मानसिकता घातक है। जब देश की सुरक्षा, नागरिकता और चुनावी व्यवस्था से समझौता किया जाने लगे तो यह लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है।”
उन्होंने दावा किया कि देश में कुछ स्थानों पर जानबूझकर अवैध प्रवासियों को दस्तावेज़ दिए जा रहे हैं, जिससे वे आने वाले चुनावों में एक संगठित वोट बैंक बन सकें।
यह बयान उस समय आया है जब देश के कुछ हिस्सों में नागरिकता कानून (CAA), अवैध घुसपैठ और मुफ्त राशन योजनाओं को लेकर राजनैतिक बहस तेज़ हो गई है। भाजपा का आरोप है कि विपक्षी दलों द्वारा चलाए जा रहे कुछ जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का दुरुपयोग करके अवैध प्रवासियों को स्थायी नागरिक का दर्जा दिलाया जा रहा है।
Comments (0)