नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने केंद्रीय सुरक्षा और जांच एजेंसियों में प्रतिनियुक्ति को लेकर बड़ा बदलाव किया है। CBI, NIA और NSG समेत पांच एजेंसियों में CAPF और असम राइफल्स के कर्मचारियों की डेप्युटेशन अवधि अब 5 साल के बजाय 7 साल होगी। नए नियम के तहत शुरुआती नियुक्ति के समय ही 7 साल की प्रतिनियुक्ति तय की जाएगी। मंत्रालय ने इसके लिए वर्ष 2016 में जारी दिशा-निर्देशों में संशोधन किया है।
किन पांच एजेंसियों में लागू होगा नया नियम
गृह मंत्रालय के नए फैसले का असर पांच केंद्रीय एजेंसियों पर पड़ेगा। इनमें केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI), राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG), नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) शामिल हैं। इन एजेंसियों में CAPF और असम राइफल्स के कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति अब 7 साल तक रहेगी।
5 साल की जगह अब 7 साल का डेप्युटेशन
पहले इन एजेंसियों में CAPF और असम राइफल्स के कर्मचारियों के लिए प्रतिनियुक्ति की अवधि 5 साल निर्धारित थी। अब इसे बढ़ाकर 7 साल कर दिया गया है। खास बात यह है कि नई अवधि कर्मचारी के एजेंसी में प्रवेश करने के समय से लागू होगी। इससे लंबे समय तक एक ही एजेंसी में काम करने का मौका मिलेगा।
NSG और CBI ने की थी अवधि बढ़ाने की मांग
प्रतिनियुक्ति की अवधि बढ़ाने का प्रस्ताव सबसे पहले NSG की ओर से गृह मंत्रालय के सामने रखा गया था। इसके बाद CBI ने भी मई में CAPF और असम राइफल्स के कर्मचारियों की डेप्युटेशन अवधि 7 साल करने का अनुरोध किया था। इस मुद्दे पर केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के साथ भी विचार-विमर्श किया गया।
संस्थागत अनुभव बनाए रखने में मिलेगी मदद
गृह मंत्रालय के अनुसार, लंबी प्रतिनियुक्ति अवधि से एजेंसियों में कर्मचारियों के संस्थागत ज्ञान और अनुभव को बनाए रखने में मदद मिलेगी। अधिकारियों का मानना है कि बार-बार कर्मचारियों के बदलने से किसी एजेंसी के कामकाज और विशेषज्ञता पर असर पड़ सकता है। 7 साल की अवधि से कर्मचारियों को लंबे समय तक विशेष जिम्मेदारियों और प्रक्रियाओं का अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।
2016 के नियमों में किया गया संशोधन
गृह मंत्रालय के पुलिस-2 प्रभाग के कार्मिक-नीति अनुभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसके तहत 22 नवंबर 2016 को जारी दिशा-निर्देशों में बदलाव किया गया है। संशोधित प्रावधानों के अनुसार CBI, NCB, NIA, NDRF और NSG में प्रतिनियुक्ति की अवधि अब 7 वर्ष होगी और यह अवधि एजेंसी में प्रवेश के समय से लागू मानी जाएगी।