कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां व्यापारिक लेन-देन के नाम पर गुजरात के एक बड़े व्यवसायी के दो कर्मचारियों से बंदूक की नोक पर 42 लाख रुपये की बड़ी डकैती को अंजाम दिया गया। लूटपाट के बाद बदमाशों ने दोनों कर्मचारियों का अपहरण कर लिया और बाद में उन्हें हावड़ा के कोना एक्सप्रेसवे पर चलती गाड़ी से धक्का देकर फेंक दिया। इस मामले में कोलकाता की सर्वे पार्क थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
व्यापार के बहाने जालसाजों ने बुना जाल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना इसी महीने के पहले हफ्ते की है। गुजरात के गांधीनगर के रहने वाले एक व्यापारी से कोलकाता के कुछ स्थानीय लोगों ने संपर्क किया था। आरोपियों ने खुद को बड़ा व्यापारी बताते हुए कोलकाता से गुजरात कुछ सामान भेजने का सौदा तय किया। डील के मुताबिक, गुजराती व्यापारी को कहा गया था कि 42 लाख रुपये कैश देते ही सामान तुरंत रवाना कर दिया जाएगा। व्यापारी ने भरोसे में आकर अपने दो कर्मचारियों के हाथ 42 लाख रुपये नकद देकर कोलकाता भेजा। कोलकाता पहुंचने पर आरोपियों ने दोनों कर्मचारियों को दक्षिण कोलकाता के न्यू संतोषपुर (सर्वे पार्क थाना क्षेत्र) इलाके के एक मकान में बुलाया।
कमरे में बंधक बनाकर लूटे 42 लाख, फिर किया किडनैप
जब कर्मचारी पैसे लेकर उस मकान में पहुंचे, तो उन्होंने पहले सामान दिखाने को कहा। इसी बात पर आरोपियों ने दोनों को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद 6 हथियारबंद बदमाशों ने दोनों कर्मचारियों के सिर पर पिस्तौल तान दी और 42 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया।
लूटपाट के बाद जब कर्मचारी चिल्लाने लगे और दरवाजा पीटने लगे, तो बदमाशों ने उन्हें हावड़ा स्टेशन छोड़ने का झांसा दिया। डरा-धमकाकर दोनों को एक बड़ी गाड़ी में बिठाया गया और वे लोग कोना एक्सप्रेसवे की तरफ निकल गए। वहां एक सुनसान जगह देखकर बदमाशों ने दोनों कर्मचारियों को गाड़ी से नीचे धक्का दे दिया और फरार हो गए।
पीड़ितों ने गुजरात पहुंचकर मालिक को दी जानकारी
बदमाशों के चंगुल से छूटने के बाद दोनों पीड़ित कर्मचारी किसी तरह हावड़ा स्टेशन पहुंचे और वहां से ट्रेन पकड़कर गुजरात वापस चले गए। उन्होंने अपने मालिक को पूरी आपबीती सुनाई। सोमवार को गुजरात के व्यवसाई खुद कोलकाता पहुंचे और सर्वे पार्क थाने में हथियार दिखाकर डकैती और अपहरण का मामला दर्ज कराया।
सीसीटीवी और फोन नंबर के जरिए पुलिस की तफ्तीश जारी
कोलकाता पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। पुलिस उस घर की शिनाख्त कर रही है जहां वारदात को अंजाम दिया गया था। इसके अलावा, आरोपियों के फोन नंबर और कोलकाता से लेकर हावड़ा तक के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की गाड़ी और उनकी पहचान कर जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।