नई दिल्ली- 15 अगस्त से ठीक पहले राजधानी दिल्ली में कई अहम स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-3, दिल्ली हाईकोर्ट समेत कई सरकारी परिसरों को धमकी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं।
सुरक्षा टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। दिल्ली दमकल विभाग के मुताबिक, जांच के दौरान अब तक किसी भी जगह से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां हर इनपुट को गंभीरता से लेकर जांच कर रही हैं।
कई संवेदनशील जगहों पर मिली धमकी
दिल्ली में 15 अगस्त से एक दिन पहले कई स्थानों पर बम की धमकी वाली कॉल मिलने की जानकारी सामने आई। इनमें जामा नगर हाउस, झंडेवालान बिल्डिंग, एमबी साकेत ऑफिस, डीएम ऑफिस, आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 और दिल्ली कैंटोनमेंट स्थित एसडीएम ऑफिस शामिल हैं। सूचना के बाद संबंधित इलाकों में सुरक्षा बढ़ाते हुए बम स्क्वॉड और पुलिस टीमों ने जांच शुरू की।
एयरपोर्ट टर्मिनल-3 पर सुरक्षा जांच तेज
आईजीआई एयरपोर्ट का टर्मिनल-3 राजधानी के सबसे महत्वपूर्ण और व्यस्त स्थानों में शामिल है। धमकी की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने यहां सघन तलाशी अभियान चलाया। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिसर में संदिग्ध वस्तुओं की जांच की गई, लेकिन जांच के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
दिल्ली हाईकोर्ट को ईमेल से मिली धमकी
दिल्ली हाईकोर्ट परिसर को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद कोर्ट प्रशासन ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। दिल्ली हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल ने सुरक्षा अधिकारियों से संपर्क किया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते और स्निफर डॉग्स की मदद से पूरे परिसर की जांच की गई।
जांच में अब तक नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान
दिल्ली दमकल विभाग के अनुसार, जिन स्थानों पर धमकी मिली वहां सुरक्षा टीमों ने तलाशी ली, लेकिन अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। हाईकोर्ट के जॉइंट सेक्रेटरी और एडवोकेट कुणाल ने भी स्थिति को नियंत्रण में बताया है। हालांकि स्वतंत्रता दिवस से पहले मिले इन इनपुट के कारण सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क हैं।
15 अगस्त को देखते हुए बढ़ाई गई निगरानी
राजधानी में स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर पहले से ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। लाल किले और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। ऐसे में अलग-अलग जगहों पर मिली धमकियों के बाद एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे को नजरअंदाज नहीं कर रही हैं और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।