नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी और उमस से लोग बेहाल हैं। लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान और गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया है। हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राहत भरी खबर दी है। विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदलेगा और मानसून की गतिविधियां तेज होने के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है।
29-30 जून तक गर्मी और उमस से राहत नहीं
आईएमडी के अनुसार, 29 और 30 जून को दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इन दिनों तेज धूप और उमस बनी रहेगी। हालांकि, शाम या रात के समय कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी, धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
1 जुलाई से बदलेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 1 जुलाई से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो सकती है। कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश होने के भी आसार हैं।
तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट संभव
बारिश के बाद अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है। इसके बाद दिन का तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।
5-6 दिनों में पूरी तरह सक्रिय हो सकता है मानसून
आईएमडी के अनुसार, अगले 5 से 6 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के दिल्ली-एनसीआर में पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना है। मानसून के पहुंचने के बाद रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे मौसम सुहावना हो जाएगा।