नई दिल्ली: दिल्ली से पुणे जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट में मंगलवार रात AC और वेंटिलेशन सिस्टम में खराबी आने से करीब 150 यात्रियों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। केबिन में गर्मी बढ़ने से कुछ यात्रियों को सांस लेने में तकलीफ हुई। इस दौरान एक गर्भवती महिला की तबीयत भी बिगड़ने की बात सामने आई।
AC खराब होने से फ्लाइट में बढ़ी गर्मी
फ्लाइट को रात करीब 9:55 बजे दिल्ली से उड़ान भरनी थी, लेकिन देरी के बाद रात करीब 10:30 बजे यात्रियों की बोर्डिंग शुरू हुई। यात्रियों के मुताबिक, विमान में बैठने के बाद भी AC और वेंटिलेशन ठीक से काम नहीं कर रहा था। कुछ ही देर में केबिन में गर्मी बढ़ने लगी और यात्री पसीने से परेशान हो गए।
यात्रियों के विरोध के बाद फ्लाइट रद्द
यात्रियों ने बताया कि उन्होंने क्रू और संबंधित कर्मचारियों से शिकायत की। इसके बाद विमान को एप्रन पर ही रोक दिया गया और तकनीकी टीम को जांच के लिए बुलाया गया। तकनीकी टीम ने शुरुआत में करीब 20 मिनट में समस्या ठीक होने की बात कही, लेकिन समस्या दूर नहीं हो सकी। यात्रियों का आरोप है कि उन्हें रात करीब 2 बजे तक एप्रन पर इंतजार करना पड़ा। लगातार इंतजार और गर्मी से कई यात्रियों की हालत खराब होने लगी। इसके बाद यात्रियों के विरोध के बीच फ्लाइट को रद्द कर दिया गया।
6 घंटे से ज्यादा एयरपोर्ट पर फंसे रहे यात्री
फ्लाइट रद्द होने के बाद करीब 150 यात्री छह घंटे से ज्यादा समय तक एयरपोर्ट पर परेशान रहे। यात्रियों का आरोप है कि उन्हें खाने के कूपन या पर्याप्त नाश्ता भी उपलब्ध नहीं कराया गया। बुधवार सुबह दूसरी फ्लाइट के जरिए यात्रियों को पुणे भेजा गया।
गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ी
यात्रियों के मुताबिक, विमान के अंदर बढ़ी गर्मी और वेंटिलेशन की समस्या के बीच एक गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ गई। कुछ यात्रियों ने सांस लेने में परेशानी होने की भी शिकायत की। घटना को लेकर यात्रियों में काफी नाराजगी देखने को मिली।