नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। 15 अगस्त को लाल किले पर होने वाले मुख्य समारोह के दौरान आम वाहनों की आवाजाही पर कई तरह की पाबंदियां रहेंगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सुबह के समय लाल किले और आसपास के इलाकों में जाने से बचें और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
सुबह 4 बजे से 10 बजे तक लागू रहेंगी पाबंदियां
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक 15 अगस्त को सुबह 4 बजे से सुबह 10 बजे तक कई प्रमुख सड़कों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इन मार्गों पर केवल निर्धारित लेबल वाले वाहनों को प्रवेश की अनुमति होगी। इसलिए जरूरी काम से निकलने वाले लोगों को यात्रा से पहले अपना रूट तय करने की सलाह दी गई है।
इन प्रमुख सड़कों पर नहीं जा सकेंगे आम वाहन
स्वतंत्रता दिवस समारोह के चलते नेताजी सुभाष मार्ग, लोथियन रोड, एसपी मुखर्जी मार्ग, चांदनी चौक रोड, निषाद राज मार्ग, एस्प्लेनेड रोड और रिंग रोड के कुछ हिस्सों पर यातायात प्रतिबंध रहेगा। खास तौर पर राजघाट से आईएसबीटी तक रिंग रोड का हिस्सा भी प्रभावित रहेगा। इन रास्तों से गुजरने वाले लोगों को सुबह के समय वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है। ट्रैफिक पुलिस ने बताया है कि सुरक्षा व्यवस्था के कारण प्रतिबंधित मार्गों पर सामान्य वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।
किन इलाकों से बचने की सलाह?
जिन वाहनों के पास वैध पार्किंग या निर्धारित लेबल नहीं हैं, उन्हें सी-हेक्सागन इंडिया गेट, कॉपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस, सिकंदरा रोड और तिलक मार्ग समेत कई रास्तों से बचने की सलाह दी गई है। इसके अलावा मथुरा रोड, नेताजी सुभाष मार्ग, जेएल नेहरू मार्ग और आईएसबीटी कश्मीरी गेट के बीच रिंग रोड पर भी आवाजाही प्रभावित हो सकती है। निजामुद्दीन खट्टा से आईएसबीटी कश्मीरी गेट और आउटर रिंग रोड के कुछ हिस्सों पर भी ट्रैफिक दबाव और प्रतिबंध की स्थिति रह सकती है। ऐसे में इन इलाकों में जाने वाले लोग अतिरिक्त समय लेकर निकलें।
उत्तर-दक्षिण दिशा के लिए ये होंगे विकल्प
उत्तर और दक्षिण दिल्ली के बीच सफर करने वाले वाहन चालक अरविंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग, सरदार पटेल मार्ग, 11 मूर्ति और मदर टेरेसा क्रिसेंट के रास्ते आगे बढ़ सकते हैं। इसके बाद पार्क स्ट्रीट, मंदिर मार्ग, पंचकुइयां रोड और रानी झांसी रोड के जरिए अपने गंतव्य तक पहुंचा जा सकता है। दूसरे विकल्प के तौर पर कनॉट प्लेस से मिंटो रोड, भवभूति मार्ग, अजमेरी गेट, श्रद्धानंद मार्ग, लाहौरी गेट चौक और नया बाजार होते हुए उत्तर दिल्ली की ओर जाने का रास्ता इस्तेमाल किया जा सकता है।
पूर्व-पश्चिम दिशा में सफर के लिए वैकल्पिक रूट
पूर्व और पश्चिम दिल्ली के बीच यात्रा करने वालों के लिए एनएच-24/एनएच-9, निजामुद्दीन खट्टा और बारापुला रोड का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा डीएनडी और बारापुला रोड के जरिए भी आगे बढ़ने का विकल्प रहेगा विकास मार्ग से आईपी मार्ग, डीडीयू मार्ग, मिंटो रोड और फिर कनॉट प्लेस या अजमेरी गेट की ओर जाने वाले रास्तों का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। यातायात पुलिस ने यात्रियों से सलाह दी है कि वे प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने के बजाय इन वैकल्पिक मार्गों को प्राथमिकता दें।
कुछ पुल खुले रहेंगे, पुराने लोहे के पुल पर रोक
ट्रैफिक व्यवस्था के तहत डीएनडी, एनएच-24/एनएच-9, युधिष्ठिर सेतु, सिग्नेचर ब्रिज और वजीराबाद ब्रिज से रिंग रोड की ओर जाने वाले मार्ग खुले रहेंगे। हालांकि पुराने लोहे के पुल और गीता कॉलोनी पुल से शांति वन की ओर जाने वाले मार्ग बंद रहेंगे।
स्वतंत्रता दिवस पर घर से निकलने से पहले चेक करें रूट
लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह के चलते सुरक्षा और यातायात दोनों के लिहाज से दिल्ली में सुबह का समय बेहद संवेदनशील रहेगा। ऐसे में लोगों को सलाह है कि वे अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित क्षेत्रों में न जाएं और जरूरी यात्रा के लिए वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें। ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने से जाम और परेशानी से बचा जा सकता है।