नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में 30 जून से स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) अभियान शुरू होने जा रहा है। इस प्रक्रिया के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) 29 जुलाई तक घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन और अपडेट करेंगे। सभी मौजूदा मतदाताओं को प्रिंटेड फॉर्म दिए जाएंगे, जिन्हें भरकर सत्यापित करना होगा।
13 हजार BLO और 30 हजार BLA को दी गई ट्रेनिंग
चुनाव आयोग ने SIR की तैयारियों के तहत करीब 13 हजार बूथ लेवल अधिकारियों (BLO), 1300 सुपरवाइजर और लगभग 30 हजार बूथ लेवल एजेंट (BLA) को प्रशिक्षण दिया है। बीजेपी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस सहित अन्य दलों ने मतदाताओं की मदद के लिए BLA नामित किए हैं।
घर-घर जाकर फॉर्म जमा करेंगे BLO
अधिकारियों के मुताबिक, 30 जून से पहले BLO को फॉर्म सौंप दिए जाएंगे। उन्हें SIR अभियान के दौरान कम से कम तीन बार हर घर का दौरा करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी घर पर ताला मिलता है तो BLO अपना मोबाइल नंबर छोड़ेंगे, ताकि मतदाता बाद में संपर्क कर प्रक्रिया पूरी कर सकें।
SIR के लिए 3 करोड़ से अधिक फॉर्म तैयार
दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि SIR के लिए 3 करोड़ से अधिक फॉर्म छपवाए जा रहे हैं। जिला चुनाव कार्यालयों में विशेष टीमें बनाई गई हैं, जो फॉर्म की छंटनी कर BLO तक पहुंचाएंगी।
इन दस्तावेजों से कर सकेंगे सत्यापन
मतदाता सत्यापन के लिए इनमें से कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत किया जा सकता है:
- जन्म प्रमाण पत्र
- पासपोर्ट
- 10वीं (मैट्रिक) या कॉलेज का शैक्षणिक प्रमाण पत्र
- मूल निवास प्रमाण पत्र
- सरकारी सेवा पहचान पत्र
- पेंशनर डायरी
- 1 जुलाई 1987 से पहले जारी सरकारी, बैंक, डाकघर, LIC या PSU का पहचान पत्र/प्रमाण पत्र
- जाति प्रमाण पत्र
- परिवार रजिस्टर
- भूमि या आवास आवंटन पत्र
मतदाताओं की सुविधा के अनुसार बनेगा विजिट शेड्यूल
BLO को निर्देश दिए गए हैं कि वे मतदाताओं की उपलब्धता के अनुसार अपना दौरा तय करें। नौकरीपेशा लोगों से शाम के समय संपर्क किया जाएगा, जबकि स्थानीय कारोबार करने वालों से उनके सुविधाजनक समय पर मुलाकात की जाएगी, ताकि सत्यापन प्रक्रिया आसानी से पूरी हो सके।