प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देश की 8वीं वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat) को हरी झंडी दिखाई, जो तेलंगाना के सिकंदराबाद और आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम को जोड़ेगी। नई वंदे भारत ट्रेन सिकंदराबाद और विशाखापत्तनम के बीच 700 किमी की दूरी को 12 घंटे से घटाकर 8.5 घंटे कर देगी।
पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी
रविवार को पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सिकंदराबाद और विशाखापट्टनम के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat express) को हरी झंडी दिखाई। पीएम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वंदे भारत को नए भारत का प्रतीक बताया। पीएम ने कहा कि "वंदे भारत नए भारत का प्रतीक है जो अपने सभी नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देना चाहता है। यह उस भारत का प्रतीक है जो आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है।" पीएम मोदी ने आगे कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत की सात वंदे भारत ट्रेनों ने 23 लाख किलोमीटर की यात्रा पूरी की, जो पृथ्वी पर 58 बार यात्रा करने के बराबर है। पीएम मोदी ने कहा, "हमने वह दौर देखा है जब विकास केवल एक वर्ग विशेष के लिए होता था। आज का भारत विकास और गति का वादा करता है और वंदे भारत इसका प्रमाण है।"
Vande Bharat की खासियत
वन्दे भारत को पूर्णत: स्वदेशी तकनीक से निर्मित किया गया है। वन्दे भारत में 14 एसी चेयर कार कोच और 1,128 यात्रियों की क्षमता वाली दो एक्जीक्यूटिव एसी चेयर कार कोच शामिल हैं। रेलवे सूत्रों ने बताया कि ट्रेन 16 जनवरी से शुरू होगी और बुकिंग शनिवार से शुरू होगी। विशाखापत्तनम-सिकंदराबाद वंदे भारत एक्सप्रेस (20833) सुबह 5:45 बजे चलकर दोपहर 2:15 बजे तक सिकंदराबाद पहुंचेगी। ट्रेन राजमुंदरी, विजयवाड़ा, खम्मम और वारंगल स्टेशनों पर रुकेगी।
कार्यक्रम के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहे। इस ट्रेन में ध्वनि की मात्रा हवाई जहाज की तुलना में 100 गुणा कम है, ये इंजीनियरों के लिए गर्व की बात है। रेलवे और देश का विकास राजनीति से ऊपर है। जहां भी केंद्र की जरूरत पड़ेगी हम हमेशा मौजूद रहेंगे।
ये भी पढ़े: Nepal Plane crash: 72 लोगों को काठमांडू ले जा रहा विमान हुआ हादसे का शिकार
Comments (0)