भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए 23 जनवरी को तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। IMD ने बताया कि 23 जनवरी को दिनभर अलग-अलग समय पर बारिश हो सकती है। सुबह से रात तक आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। चेतावनी में कहा गया है कि पूरे दिन मौसम का असर बना रह सकता है।
मौसम में बदलाव के बाद ठंड और बढ़ेगी
24 जनवरी को मौसम में बदलाव के बाद ठंड और बढ़ेगी। इस दिन अधिकतम तापमान लगभग 20 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। साथ ही मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने का अनुमान है। IMD के अनुसार 21 और 22 जनवरी को भी एनसीआर में मध्यम कोहरा रहेगा, जिसके बाद अगले 2 से 3 दिनों तक कड़ाके की ठंड लोगों को परेशान कर सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
भारी बारिश और बर्फबारी के आसार
देश के अन्य हिस्सों में भी मौसम का असर दिखेगा। 21 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फरबाद में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं 22 से 26 जनवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में व्यापक बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 22 और 23 जनवरी को कश्मीर घाटी में तथा 23 जनवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।
22 और 23 जनवरी को बारिश की संभावना
IMD ने बताया कि 22 से 24 जनवरी के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 और 24 जनवरी को तथा राजस्थान में 22 और 23 जनवरी को बारिश की संभावना है।
इसके अलावा 22 और 23 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी राजस्थान में, जबकि 23 से 26 जनवरी तक उत्तराखंड में गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। 24 जनवरी को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
Comments (0)