उत्तर प्रदेश के हाथरस में मंगलवार तड़के भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक डबल डेकर बस ने आगे चल रही ईको वैन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पति-पत्नी समेत 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य घायल हो गए। मृतकों में तीन लोग आगरा और तीन धौलपुर (राजस्थान) के निवासी बताए जा रहे हैं। सभी लोग होली मनाने अपने घर लौट रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, बस दिल्ली से गोरखपुर जा रही थी और वैन दिल्ली से धौलपुर की ओर जा रही थी। ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन करीब 10 फीट दूर उछलकर जा गिरी और उसका पिछला हिस्सा पूरी तरह टूट गया। हालांकि बस में सवार यात्रियों को गंभीर चोट नहीं आई।
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और एक्सप्रेस-वे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को तुरंत खंदौली सीएचसी भेजा गया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को आगरा रेफर किया गया। हादसा सादाबाद कोतवाली क्षेत्र में हुआ।
Comments (0)