हावड़ा: पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजों के बाद भड़की हिंसा की जांच के दौरान हावड़ा सिटी पुलिस के हाथ एक ऐसी कामयाबी लगी है, जिसे देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। मध्य हावड़ा के शिवपुर थाना क्षेत्र (वार्ड नंबर 36) के 'बेताज बादशाह' कहे जाने वाले तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता शमीम अहमद उर्फ बड़े के ठिकाने पर छापेमारी के दौरान एक गुप्त और आलीशान बेसमेंट का खुलासा हुआ है।
पाताल में मिला लग्जरी ठिकाना
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देखा जा सकता है कि शमीम ने अपने घर के नीचे एक गुप्त अंडरग्राउंड फ्लैट बना रखा था। बाहर से साधारण दिखने वाले इस घर के अंदर जाने पर पुलिस को एक लग्जरी बेडरूम, ड्राइंग रूम, किचन और आधुनिक टॉयलेट मिला। इतना ही नहीं, इस बंकरनुमा घर से पूरे इलाके की सीसीटीवी मॉनिटरिंग करने के लिए स्क्रीन और अत्याधुनिक सिस्टम भी लगाए गए थे। ऊपर से देखने पर किसी को अंदाजा भी नहीं हो सकता था कि जमीन के नीचे इतना बड़ा आलीशान घर मौजूद है।
कौन है शमीम अहमद उर्फ बड़े?
शमीम अहमद को मध्य हावड़ा के पूर्व मंत्री अरूप राय का करीबी माना जाता है। बीजेपी का आरोप है कि चुनाव नतीजों के बाद 'चौड़ा बस्ती' इलाके में हुई बमबाजी और गोलीबारी के पीछे शमीम का ही हाथ था। बीजेपी समर्थकों पर हमले के बाद से ही वह फरार चल रहा है। गौरतलब है कि रामनवमी की शोभायात्रा पर हमले के मामले में NIA भी उसे पहले गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस की तलाश जारी
हावड़ा सिटी पुलिस के उच्च पदस्थ अधिकारियों ने इस गुप्त ठिकाने पर रेड तो की, लेकिन शमीम का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस का मानना है कि वह इसी गुप्त बंकर का इस्तेमाल पुलिस से बचने और अपनी आपराधिक गतिविधियों को संचालित करने के लिए करता था। हालांकि, वायरल वीडियो पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने अभी कोई आधिकारिक बयान देने से परहेज किया है।