भारत में इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून तय समय से पहले दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, मानसून के आगमन के लिए परिस्थितियां तेजी से अनुकूल बन रही हैं। संभावना जताई गई है कि इस सप्ताह के अंत तक दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में मानसून पहुंच सकता है।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ सिस्टम
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र लगातार सक्रिय बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 4.5 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है।
IMD के अनुसार, अगले 24 घंटों में यह सिस्टम और मजबूत हो सकता है, जिससे मानसून की गतिविधियों को गति मिलने की संभावना है।
सामान्यत: 1 जून को केरल पहुंचता है मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य तौर पर हर साल 1 जून के आसपास केरल तट पर पहुंचता है। हालांकि इस बार इसके जल्दी आने के संकेत मिल रहे हैं।
दिल्ली-NCR में बदला मौसम
इधर, दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम ने करवट ले ली है। आसमान में बादलों की आवाजाही जारी है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। कई इलाकों में तेज हवाएं और हल्की बारिश देखने को मिली।
मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी
IMD ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें।
तेज हवाओं और बारिश के चलते यातायात प्रभावित हो सकता है। वहीं किसानों और निर्माण कार्य से जुड़े लोगों को भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
अगले कुछ दिनों तक राहत के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 13 मई को भी दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज-चमक की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।