1 मार्च 2026 से देशभर में चार अहम बदलाव लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। रविवार से 19 किलो वाला कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 31 रुपए तक महंगा हो गया है। वहीं हवाई ईंधन (ATF) की कीमत बढ़ने से एयरफेयर में इजाफा हो सकता है।इसके अलावा अब फोन में एक्टिव सिम के बिना WhatsApp जैसे मैसेजिंग ऐप काम नहीं करेंगे। वहीं रेलवे का पुराना अनरिजर्व्ड टिकटिंग सिस्टम UTS एप बंद कर दिया गया है।
1. कॉमर्शियल सिलेंडर 31 रुपए तक महंगा
1 मार्च से 19 किलो वाला कॉमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा हो गया है। Kolkata में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जहां अब सिलेंडर की कीमत ₹1875.50 हो गई है।वहीं Delhi में इसकी कीमत 28 रुपए बढ़कर ₹1768.50 हो गई है, जो पहले ₹1740.50 थी।
2. बिना एक्टिव सिम के नहीं चलेंगे WhatsApp, Telegram
सरकार ने ‘सिम-बाइंडिंग’ नियम लागू कर दिया है। अब WhatsApp, Telegram और Signal जैसे मैसेजिंग ऐप तभी काम करेंगे, जब उसी सिम कार्ड से फोन में अकाउंट एक्टिव हो, जिससे रजिस्ट्रेशन किया गया था।यदि सिम कार्ड निकाल दिया गया या नंबर बंद हो गया, तो ऐप ऑटोमेटिक लॉगआउट हो जाएगा।इसके अलावा कंप्यूटर या वेब पर लॉगिन किए गए अकाउंट भी 6 घंटे में स्वतः लॉगआउट हो जाएंगे, जबकि पहले लंबे समय तक लॉगिन बना रहता था।
3. रेलवे का UTS एप बंद, अब ‘RailOne’ से होगी बुकिंग
भारतीय रेलवे ने अपना अनरिजर्व्ड टिकटिंग सिस्टम (UTS) एप बंद कर दिया है। अब जनरल, प्लेटफॉर्म और लोकल ट्रेन टिकट बुक करने के लिए यात्रियों को नए RailOne एप का उपयोग करना होगा, जिसे जुलाई 2025 में लॉन्च किया गया था।UTS एप के R-Wallet में जमा राशि सुरक्षित रहेगी और नए एप में ट्रांसफर कर दी जाएगी।
4. हवाई सफर महंगा होने की संभावना
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने हवाई ईंधन (ATF) की कीमतों में ₹5,500 तक की बढ़ोतरी की है। इसका असर आने वाले दिनों में हवाई टिकटों की कीमत पर पड़ सकता है।
Comments (0)