सेशेल्स दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वहां के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की अहम बैठक की। इस दौरान दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और सेशेल्स मानते हैं कि हिंद महासागर उनका साझा घर है और इसकी सुरक्षा, स्थिरता व समृद्धि दोनों देशों की साझा जिम्मेदारी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत का विजन हिंद महासागर को अवसरों के महासागर में बदलना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह क्षेत्र ऐसा होना चाहिए जहां समुद्री सुरक्षा के साथ-साथ आर्थिक विकास भी समान रूप से सुनिश्चित हो। पीएम ने स्पष्ट किया कि साझेदारी का आधार किसी देश का आकार नहीं, बल्कि आपसी सम्मान और भरोसा है। यही भारत के महासागर विजन की मूल सोच है।
सेशेल्स की रक्षा और सुरक्षा एक-दूसरे से जुड़ी हुई
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और सेशेल्स की रक्षा एवं सुरक्षा आपस में गहराई से जुड़ी हुई है। दोनों देशों ने आर्थिक सहयोग को मजबूत करने, नए औद्योगिक अवसर खोजने और कनेक्टिविटी बढ़ाने पर सहमति जताई।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत अपने डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर का सफल अनुभव सेशेल्स के साथ साझा करेगा। वहीं राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने भी हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को दोनों देशों के रिश्तों का अहम आधार बताया। दोनों पक्षों ने समुद्री डकैती, ड्रग तस्करी, अवैध मछली पकड़ने और सीमा पार अपराधों के खिलाफ संयुक्त सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई।
भारत और सेशेल्स के बीच हुए 19 समझौते
इस बैठक के दौरान भारत और सेशेल्स के बीच रक्षा, डिजिटल भुगतान, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य, कृषि और शिक्षा सहित कई क्षेत्रों में कुल 19 समझौते और नई पहलें की गईं।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, इनमें प्रत्यर्पण संधि, अंतरिक्ष के शांतिपूर्ण उपयोग में सहयोग, UPI आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली लागू करना, EXIM बैंक की लाइन ऑफ क्रेडिट और नए राष्ट्रीय अस्पताल से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।
भारत ने सेशेल्स को एक फास्ट पेट्रोल वेसल उपहार में देने की घोषणा की है। इसके साथ 10 यूटिलिटी वाहन और 5 लेजर रेडियल क्लास बोट्स भी प्रदान की जाएंगी। साथ ही सेशेल्स कोस्ट गार्ड के पीएस ज़ोरोस्टर जहाज की मरम्मत पूरी होने और डोर्नियर विमान के उन्नयन की जानकारी भी साझा की गई।
भारत की ओर से सेशेल्स को कई सहायता घोषणाएं
भारत ने सेशेल्स को 6 एंबुलेंस, 500 मीट्रिक टन चावल और 8,500 मीट्रिक टन सीमेंट देने की भी घोषणा की। इसे दोनों देशों के बीच सहयोग और संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
भारत-सेशेल्स राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक स्मारक लोगो भी जारी किया गया, जो दोनों देशों की दीर्घकालिक मित्रता और विश्वास का प्रतीक है।
डिजिटल पेमेंट और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा सहयोग
डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए NPCI, इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड और सेंट्रल बैंक ऑफ सेशेल्स के बीच समझौता हुआ है। इससे सेशेल्स में UPI आधारित भुगतान प्रणाली को बढ़ावा मिलेगा।
स्वास्थ्य क्षेत्र में HLL लाइफकेयर और सेशेल्स स्वास्थ्य मंत्रालय के बीच जन औषधि योजना के तहत समझौता हुआ है, जिससे भारतीय जेनेरिक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी तीन दिवसीय दौरे पर सेशेल्स पहुंचे हैं। यह दौरा उस समय हो रहा है जब सेशेल्स अपनी स्वतंत्रता के 50 वर्ष और भारत-सेशेल्स राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ मना रहा है। पीएम मोदी इस दौरान राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।