बेंगलुरु: कर्नाटक में दूध की कीमतों में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी गई है। राज्य सरकार की कैबिनेट ने नंदिनी दूध के दाम में प्रति लीटर 8 रुपये की बढ़ोतरी के फैसले पर मुहर लगा दी है। नई कीमतें 1 नवंबर से लागू होंगी। इसके बाद ग्राहकों को एक लीटर दूध के लिए मौजूदा 46 रुपये की जगह 54 रुपये चुकाने होंगे।
सरकार के मुताबिक, इस फैसले का उद्देश्य दूध उत्पादक किसानों को राहत देना और सहकारी समितियों की मांगों को पूरा करना है। बढ़ोतरी में से 7 रुपये प्रति लीटर किसानों को मिलेंगे, जबकि 1 रुपये प्रति लीटर दूध सहकारी समितियों को दिया जाएगा।
10 रुपये बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे किसान
दूध उत्पादक किसान लंबे समय से कीमत बढ़ाने की मांग कर रहे थे। किसानों और सहकारी समितियों ने दूध उत्पादन की बढ़ती लागत का हवाला देते हुए प्रति लीटर कम से कम 10 रुपये की बढ़ोतरी की मांग की थी।
मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा के मुताबिक, इस मुद्दे पर कैबिनेट में दो से तीन बार चर्चा हुई। इसके बाद सर्वसम्मति से 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का फैसला लिया गया। सरकार का कहना है कि इससे किसानों को राहत मिलेगी और दूध उत्पादन से जुड़े लाखों परिवारों को फायदा होगा।
किसानों को अब कितना मिलेगा?
सरकार के फैसले के मुताबिक, दूध उत्पादकों को मिलने वाली कीमत 35 रुपये से बढ़कर 42 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी। इसके अलावा, सरकार की ओर से मिलने वाला 5 रुपये प्रति लीटर का प्रोत्साहन जारी रहेगा।
पहले दूध की कीमत: 35 रुपये प्रति लीटर
नई कीमत: 42 रुपये प्रति लीटर
सरकारी प्रोत्साहन: 5 रुपये प्रति लीटर
प्रोत्साहन सहित किसानों को कुल भुगतान: 47 रुपये प्रति लीटर
कीमत में हुई कुल 8 रुपये की बढ़ोतरी में से 7 रुपये किसानों को और 1 रुपया दूध सहकारी समितियों को मिलेगा।