दिल्ली आबकारी नीति मामले में कोर्ट से बरी होने के बाद भावुक दृश्य सामने आया। अरविंद केजरीवाल फैसला सुनते ही रो पड़े और कहा, “मैंने हमेशा कहा था भगवान हमारे साथ हैं… केजरीवाल भ्रष्ट नहीं है।” राउज एवेन्यू कोर्ट ने सीबीआई केस में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया समेत सभी आरोपियों को बरी कर दिया। अदालत के इस फैसले को आम आदमी पार्टी के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
क्या बोले केजरीवाल?
फैसले के बाद मीडिया से बात करते हुए केजरीवाल भावुक हो गए। उन्होंने कहा, “पिछले कुछ सालों से भाजपा जिस तरह से शराब घोटाले को लेकर हम पर आरोप लगा रही थी, आज कोर्ट ने सभी आरोप खारिज कर दिए। हमें न्यायपालिका पर भरोसा था… सत्य की जीत हुई।” उन्होंने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी को खत्म करने के लिए उसके बड़े नेताओं को जेल में डाला गया। “यह पूरा फर्जी केस था। कहा जाता था कि केजरीवाल भ्रष्ट है… लेकिन आज कोर्ट ने साफ कर दिया कि केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और AAP कट्टर ईमानदार हैं।” केजरीवाल ने कहा, “मैंने अपने जीवन में केवल ईमानदारी कमाई है। अच्छा काम करके सत्ता में आइए, झूठे केस लगाकर हमें जेल में डालना प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देता।”
CBI को झटका
इस मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) द्वारा दायर केस में अदालत ने अभियोजन पक्ष की दलीलों को पर्याप्त नहीं माना और सभी आरोपियों को आरोपों से मुक्त कर दिया। फैसले के बाद आम आदमी पार्टी के समर्थकों में खुशी का माहौल देखा गया, वहीं इस निर्णय को दिल्ली की राजनीति में एक बड़े घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।
Comments (0)