कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब ‘केरल (नाम में बदलाव) विधेयक, 2026’ संविधान के अनुच्छेद 3 के तहत राष्ट्रपति द्वारा केरल विधानसभा की राय के लिए भेजा जाएगा। केरल विधानसभा पहले ही 24 जून 2024 को इस प्रस्ताव को पारित कर चुकी है। विधानसभा की औपचारिक राय मिलने के बाद केंद्र सरकार संसद में विधेयक पेश करेगी। संसद से पारित होने पर राज्य का आधिकारिक नाम ‘केरलम’ हो जाएगा।
8 बड़े फैसले, तीन रेल परियोजनाएं
मंत्रिमंडल ने मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड में तीन नई रेल परियोजनाओं समेत कुल 8 महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी दी। इन परियोजनाओं से कनेक्टिविटी, औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
‘सेवा तीर्थ’ में पहली कैबिनेट बैठक
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का 78 वर्षों का सफर साउथ ब्लॉक से अब नए कॉम्पलेक्स ‘सेवा तीर्थ’ में शिफ्ट हो गया है। इससे पहले 13 फरवरी को कैबिनेट की आखिरी बैठक साउथ ब्लॉक स्थित PMO में हुई थी। 1947 से साउथ ब्लॉक देश की सत्ता का प्रमुख केंद्र रहा है।
सेवा तीर्थ कॉम्पलेक्स की खासियत
नई दिल्ली के दारा शिकोह रोड स्थित ‘सेवा तीर्थ’ कॉम्पलेक्स में तीन इमारतें हैं—
सेवा तीर्थ-1: प्रधानमंत्री कार्यालय
सेवा तीर्थ-2: कैबिनेट सचिवालय
सेवा तीर्थ-3: राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (NSCS) और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार का कार्यालय
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का कार्यालय भी अब यहीं स्थानांतरित हो गया है।
₹1189 करोड़ की लागत से तैयार
करीब 2.26 लाख वर्ग फीट (लगभग 5 एकड़) में फैले इस कॉम्पलेक्स का निर्माण Larsen & Toubro ने ₹1189 करोड़ की लागत से किया है।
‘सेवा तीर्थ’ का अर्थ है — ‘सेवा का स्थान’। पहले इसका नाम ‘एग्जीक्यूटिव एन्क्लेव’ प्रस्तावित था, जिसे दिसंबर 2025 में बदल दिया गया। प्रधानमंत्री का नया आवास भी इसी परिसर के पास बन रहा है। निर्माण पूर्ण होने के बाद प्रधानमंत्री 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित मौजूदा आवास से नए आवास में शिफ्ट होंगे।
नॉर्थ और साउथ ब्लॉक बनेंगे नेशनल म्यूजियम
सरकार की योजना के तहत ऐतिहासिक नॉर्थ और साउथ ब्लॉक को ‘युगे-युगेन भारत नेशनल म्यूजियम’ में परिवर्तित किया जाएगा। यह म्यूजियम भारत की सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करेगा। इसमें 25 से 30 हजार कलाकृतियां प्रदर्शित किए जाने की संभावना है, जिससे यह दुनिया के सबसे बड़े संग्रहालयों में शामिल हो सकता है।
Comments (0)