पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस की जांच अब सिया गोयल के परिवार तक पहुंच चुकी है। पहले भाई साहिल गोयल से करीब 10 घंटे पूछताछ की गई और अब सिया के माता-पिता से लगभग 11-12 घंटे तक गहन पूछताछ हुई। इस दौरान पुलिस ने सिया के कथित प्रेम संबंध, शादी के लिए परिवार के दबाव और हत्या की साजिश से जुड़े कई अहम सवाल पूछे। पुलिस का दावा है कि अब तक की जांच में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं और आने वाले दिनों में इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
लोहगढ़ किले से धक्का देकर की गई थी हत्या
पुलिस जांच के मुताबिक, 18 जून को पुणे के लोहगढ़ किले पर रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल (26) की हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि उनकी मंगेतर सिया गोयल (20) और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी (22) ने मिलकर पहले से पूरी साजिश रची और फिर करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का देकर उनकी हत्या कर दी। जांच एजेंसियों का कहना है कि यह कोई अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि इसके लिए पहले से योजना बनाई गई थी।
हत्या से पहले कई बार की गई थी रेकी
पुलिस को जांच के दौरान ऐसे सबूत मिले हैं, जिनसे पता चलता है कि सिया और चेतन कई बार लोहगढ़ किले पर गए थे। माना जा रहा है कि दोनों ने वारदात को अंजाम देने से पहले कई बार घटनास्थल की रेकी की थी। जांच टीम को घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जिन्हें महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।
सबसे पहले केतन की बहन को हुआ था शक
केतन की मौत के बाद सबसे पहले उनकी बहन को सिया के व्यवहार पर शक हुआ। परिवार के अनुसार, जब उसने सिया से पूछा कि फोटो खिंचवाने के दौरान वह कहां थी और घटना के समय क्या हुआ था, तो सिया कई सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। उसके जवाबों में घबराहट देखकर परिवार का शक और गहरा हो गया। इसी के बाद पूरे मामले की दिशा बदल गई।
11 घंटे तक चली माता-पिता से पूछताछ
जांच के सिलसिले में पुलिस ने शनिवार को सिया के पिता प्रवीण गोयल और मां पूजा गोयल को पूछताछ के लिए बुलाया। दोनों सुबह करीब 11 बजे पुलिस स्टेशन पहुंचे और देर रात तक उनसे पूछताछ होती रही। करीब 11-12 घंटे चली पूछताछ में पुलिस ने परिवार की जानकारी, शादी की तैयारी, सिया के व्यवहार और चेतन चौधरी से उसके संबंधों को लेकर विस्तार से सवाल किए।
माता-पिता बोले- प्रेम संबंधों की जानकारी नहीं थी
पूछताछ के दौरान सिया के माता-पिता ने पुलिस को बताया कि उन्हें सिया और चेतन चौधरी के रिश्ते की कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने यह भी कहा कि शादी तय करने से पहले कई बार बेटी से पूछा गया था कि क्या वह इस रिश्ते से खुश है। हर बार उसकी सहमति मिलने के बाद ही शादी तय की गई थी। परिजनों ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी सिया पर शादी के लिए दबाव नहीं बनाया।
भाई ने भी दिया बड़ा बयान
इससे पहले शुक्रवार को सिया के भाई साहिल गोयल से लगभग 10 घंटे पूछताछ की गई थी। पुलिस के मुताबिक साहिल ने कहा- "अगर सिया ने कहा होता कि उसे केतन पसंद नहीं है, तो हम शादी कभी नहीं होने देते।" साहिल के इस बयान को जांच में अहम माना जा रहा है, क्योंकि इससे यह संकेत मिलता है कि परिवार को सिया की असली मंशा की जानकारी नहीं थी।
क्या शादी के लिए था परिवार का दबाव?
जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि क्या सिया पर परिवार की ओर से शादी करने का दबाव बनाया गया था। हालांकि अब तक पूछताछ में सामने आए बयानों के अनुसार, माता-पिता ने इस बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि फैसला पूरी तरह सिया की सहमति से लिया गया था। पुलिस अब इस दावे का भी अलग-अलग साक्ष्यों और डिजिटल रिकॉर्ड के आधार पर सत्यापन कर रही है।
आगे क्या करेगी पुलिस?
जांच एजेंसियां अब घटनाक्रम की टाइमलाइन तैयार कर रही हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आने वाले दिनों में सिया और चेतन के अन्य दोस्तों, रिश्तेदारों और परिचितों से भी पूछताछ की जा सकती है। साथ ही डिजिटल चैट, मोबाइल डेटा, लोकेशन हिस्ट्री और सीसीटीवी फुटेज की भी विस्तृत जांच जारी है। पुलिस का मानना है कि इससे हत्या की साजिश से जुड़े कई और अहम राज सामने आ सकते हैं।