महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। अब आरोपी सिया गोयल के भाई साहिल गोयल ने पुलिस पूछताछ में ऐसा बयान दिया है, जिसने जांच को नया मोड़ दे दिया है। साहिल ने साफ कहा कि अगर सिया ने परिवार को पहले ही बता दिया होता कि वह केतन से शादी नहीं करना चाहती, तो शादी तुरंत रद्द कर दी जाती। करीब 10 घंटे चली पूछताछ के दौरान पुलिस ने साहिल से सिया और सह-आरोपी चेतन चौधरी के रिश्ते, परिवार की जानकारी और हत्या से जुड़े कई पहलुओं पर सवाल किए। पुलिस का मानना है कि सिया लगातार जांच को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
भाई बोला- एक बार कह देती, शादी ही नहीं होती
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, साहिल ने पूछताछ में कहा, "अगर सिया ने कहा होता कि उसे केतन पसंद नहीं है, तो हमारा परिवार शादी कभी नहीं होने देता।" लोनावला ग्रामीण पुलिस ने बताया कि साहिल को शुक्रवार सुबह पूछताछ के लिए बुलाया गया था और देर शाम तक उससे कई महत्वपूर्ण जानकारियों की पुष्टि की गई।
चेतन से रिश्ते पर भी हुए सवाल
पुलिस ने साहिल से आरोपी चेतन चौधरी के बारे में भी पूछताछ की। अधिकारियों के मुताबिक, साहिल चेतन को जानता था और उसके बयान के आधार पर कई तथ्यों का मिलान किया जा रहा है। जांच एजेंसियां अब परिवार, दोस्तों और करीबी लोगों से भी पूछताछ कर रही हैं।
पुलिस का दावा- दोनों ने मिलकर रची थी हत्या की साजिश
जांच एजेंसियों का आरोप है कि 18 जून को लोहागढ़ किले पर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर केतन अग्रवाल को पहाड़ी से धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस का मानना है कि नवंबर में होने वाली शादी से बचने के लिए दोनों ने पहले से हत्या की साजिश रची थी। डीएसपी गजानन टोनपे ने कहा कि अब तक की जांच में दोनों आरोपियों की भूमिका स्पष्ट रूप से सामने आ चुकी है और आगे भी कई लोगों से पूछताछ की जाएगी।
सात लोगों से पूछताछ, अब होगा क्राइम सीन रीक्रिएशन
पुलिस अब तक 7 लोगों से पूछताछ कर चुकी है। इनमें वह कर्मचारी भी शामिल है, जिसके मोबाइल फोन का इस्तेमाल कथित तौर पर चेतन ने वारदात वाले दिन सिया से संपर्क करने के लिए किया था। जांच टीम अब डमी बॉडी की मदद से लोहागढ़ किले पर पूरे घटनाक्रम का रीक्रिएशन करेगी, ताकि हत्या के क्रम और आरोपियों के दावों की पुष्टि की जा सके।
केतन के पिता ने विग वाली चर्चा को बताया झूठ
सोशल मीडिया पर चल रही हेयर विग से जुड़ी चर्चाओं को खारिज करते हुए केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने कहा कि मेडिकल कारणों से बेटे के सिर के एक हिस्से के बाल झड़ गए थे और यह बात शादी तय होने से पहले ही दोनों परिवारों को बता दी गई थी। उन्होंने कहा, "अगर सिया को कोई परेशानी थी तो वह शादी से इनकार कर सकती थी। हत्या जैसा कदम उठाने की कोई जरूरत नहीं थी।"
फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा केस
मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने केस की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और त्वरित न्याय का भरोसा दिया है। राज्य सरकार ने वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम को इस मामले में विशेष सरकारी वकील नियुक्त किया है।