रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ से राज्यसभा चुनाव के लिए लक्ष्मी वर्मा को उम्मीदवार बनाया है। लक्ष्मी वर्मा 5 मार्च को सुबह 10 बजे विधानसभा सचिव के समक्ष अपना नामांकन दाखिल करेंगी।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सहित भाजपा के सभी विधायक उपस्थित रहेंगे। संगठन के वरिष्ठ नेता भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे।
भाजपा विधायक दल के सचेतक सुशांत शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी ने सभी विधायकों को नामांकन कार्यक्रम का शेड्यूल जारी कर दिया है।
भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा छत्तीसगढ़ भाजपा की पूर्व उपाध्यक्ष और राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा चुनाव हेतु नामित किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।
सीएम साय ने अपने संदेश में कहा कि संगठन के प्रति लक्ष्मी वर्मा की निष्ठा और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता निश्चित ही राज्यसभा में प्रदेश की आकांक्षाओं को सशक्त स्वर प्रदान करेगी।
भाजपा द्वारा लक्ष्मी वर्मा को उम्मीदवार बनाए जाने से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और नामांकन के दिन शक्ति प्रदर्शन की भी तैयारी की जा रही है।
Comments (0)