कोलकाता: मैदान और फुटबॉल के गलियारों से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आ रही है। दिग्गज खेल प्रशासक और मोहन बागान के पूर्व अध्यक्ष स्वपन साधन बोस, जिन्हें खेल जगत में प्यार से 'टुटु बोस' कहा जाता है, गंभीर रूप से बीमार हैं। सोमवार रात उन्हें दिल का दौरा (Heart Attack) पड़ा, जिसके बाद उन्हें दक्षिण कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वेंटिलेटर पर हैं टुटु बोस, अब तक नहीं आया होश
अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, टुटु बोस की स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है। कल रात से ही उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। डॉक्टरों का कहना है कि भर्ती किए जाने के बाद से उन्हें अभी तक होश नहीं आया है। विशेषज्ञों की एक टीम उनकी स्थिति पर 24 घंटे कड़ी नजर रख रही है।
अस्पताल पहुंचे खेल मंत्री, मुख्यमंत्री ने भी लिया हाल
टुटु बोस की बीमारी की खबर मिलते ही बंगाल के राजनीतिक और खेल जगत में हलचल तेज हो गई। नवनियुक्त खेल मंत्री निशीथ प्रमाणिक तुरंत अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी फोन पर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना और इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़े रहने का संदेश दिया। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) के अध्यक्ष कल्याण चौबे भी उनके स्वास्थ्य का जायजा लेने अस्पताल पहुंचे।
मोहन बागान के 'अभिभावक' हैं टुटु बोस
70-80 के दशक से लेकर अब तक मोहन बागान के प्रशंसकों के लिए टुटु बोस किसी 'अभिभावक' से कम नहीं हैं। भले ही पिछले कुछ समय से वे सक्रिय प्रशासन से दूर थे और व्हीलचेयर के सहारे चल रहे थे, लेकिन क्लब के प्रति उनका जुनून कम नहीं हुआ था।गौरतलब है कि पिछले साल ही उन्हें 'मोहन बागान रत्न' से सम्मानित किया गया था। यह सम्मान प्राप्त करते समय उनकी आंखें नम हो गई थीं और उन्होंने कहा था, "मैं अगले जन्म में भी मोहन बागानी ही बनना चाहता हूं।" आज उनकी सलामती के लिए हजारों फुटबॉल प्रशंसक दुआएं मांग रहे हैं।