देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून इस साल समय से पहले केरल में दस्तक दे सकता है। अनुमान है कि 26 मई 2026 के आसपास मानसून केरल पहुंचेगा। इसके बाद धीरे-धीरे यह देश के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ेगा।
IMD ने बताया कि 18 मई 2026 को मानसून कई क्षेत्रों में आगे बढ़ चुका है। इसमें दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्से, अंडमान सागर के अधिकांश इलाके और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह शामिल हैं। यह स्थिति देश में मानसूनी बारिश की शुरुआत का संकेत मानी जा रही है।
ओडिशा में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट
मौसम विभाग ने ओडिशा के कई जिलों में अगले कुछ दिनों के दौरान भारी बारिश, गरज-चमक और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। गंजाम, रायगढ़ा, नयागढ़ और मयूरभंज जैसे क्षेत्रों में पहले ही बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि कुछ इलाकों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया है।
40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
IMD ने मयूरभंज, क्योंझर, सुंदरगढ़, बालासोर, भद्रक, गंजाम, गजपति, कालाहांडी, कंधमाल, रायगढ़ा और कोरापुट समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में बिजली कड़कने के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
ओडिशा के कई हिस्सों में अलर्ट
अगले 24 घंटों में बालासोर, भद्रक, कटक, पुरी, खुर्दा, गंजाम, मयूरभंज, क्योंझर, सुंदरगढ़, कोरापुट और मलकानगिरी में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है।
कृषि और लोगों के लिए चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं से बागवानी, खेतों और खड़ी फसलों को नुकसान हो सकता है, खासकर केला और धान की फसलों पर असर पड़ सकता है। कच्चे मकानों और कमजोर ढांचों को भी नुकसान की आशंका है। लोगों को सलाह दी गई है कि आंधी-तूफान के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें और पेड़ों के नीचे खड़े न हों।
मुंबई में 10 दिन बाद पहुंचेगा मानसून
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, केरल में मानसून के आगमन के लगभग 10 दिन बाद मुंबई में बारिश की शुरुआत हो सकती है। इस तरह 6 जून 2026 के आसपास मुंबई में मॉनसून पहुंचने का अनुमान है।