देश में इस बार मानसून तय समय से पहले दस्तक दे सकता है। आमतौर पर केरल में मानसून 1 जून तक पहुंचता है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार इस बार 25 से 27 मई के बीच मानसून केरल तट पर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
मानसून 4-6 दिन पहले आने का अनुमान
बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में एक मौसम प्रणाली सक्रिय हो गई है, जो अगले 48 घंटे में और मजबूत हो सकती है। इसके प्रभाव से दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। यही सिस्टम मानसून की रफ्तार को भी तेज कर रहा है।
यूपी-बिहार समेत 5 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
यूपी, बिहार समेत 5 राज्यों में आज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार और उत्तराखंड के सभी जिलों में बारिश होने की संभावना है, जबकि उत्तरप्रदेश के 38 जिलों में मौसम बदल सकता है। वहीं हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में तेज आंधी, तूफान और बारिश के चलते 5 मकानों और 7 गोशालाओं की छतें उड़ गईं।
दूसरी ओर राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर जारी है। सोमवार को राजस्थान का बाड़मेर देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जैसलमेर में 46.5°C, फलोदी में 45.6°C और बीकानेर में 45.3°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। मध्यप्रदेश के रतलाम में भी पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।