नई दिल्ली। देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। अरब सागर में मानसून 8 जून से आगे नहीं बढ़ पाया है, जबकि तेलंगाना के भद्राचलम क्षेत्र में यह पिछले 6 दिनों से ठहरा हुआ है। इसका असर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों पर पड़ रहा है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री अगले 5 दिनों के बाद ही संभव है।
हवाओं के बदले पैटर्न से धीमा पड़ा मानसून
वर्ल्ड मेट्रोलॉजी ऑर्गनाइजेशन की हाइड्रोमेट्री टीम के सदस्य डॉ. पंकज कुमार के अनुसार, ऊपरी वायुमंडल में जेट स्ट्रीम के असामान्य पैटर्न के कारण मानसून की रफ्तार प्रभावित हुई है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में पर्याप्त नमी मौजूद होने के बावजूद बादलों का विकास नहीं हो पा रहा है, जिससे मानसून की प्रगति पर ब्रेक लग गया है। मौसम मॉडल संकेत दे रहे हैं कि सप्ताह के अंत तक बारिश की गतिविधियों में सुधार हो सकता है। यदि जेट स्ट्रीम कमजोर होती है तो मानसूनी हवाएं दोबारा सक्रिय होंगी और महाराष्ट्र, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ तथा मध्य भारत के अन्य हिस्सों में मानसून आगे बढ़ सकेगा।
सामान्य से 64% कम हुई बारिश
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 4 जून से 15 जून के बीच देश में सामान्य 53.7 मिमी बारिश के मुकाबले केवल 19.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। यानी इस अवधि में 64 प्रतिशत बारिश की कमी रही है। 15 जून की सैटेलाइट तस्वीरों में भी देश के बड़े हिस्सों से मानसूनी बादल गायब दिखाई दिए।
7 राज्यों में गर्मी का असर, कई शहरों में पारा 40°C के पार
सोमवार को राजस्थान, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश के बांदा में अधिकतम तापमान 43.4°C रहा।
राजस्थान के फलोदी में पारा 42.8°C पहुंचा।
मध्य प्रदेश के खजुराहो में 42.6°C दर्ज किया गया।
ओडिशा के बौध में तापमान 42.5°C रहा।
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में 42°C दर्ज किया गया।
महाराष्ट्र के वर्धा और बिहार के शेखपुरा में 41.5°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।
17 जून का मौसम पूर्वानुमान
बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश की संभावना।
बिहार में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के आसार।
राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में गरज-चमक के साथ बारिश और 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना।
18 जून का मौसम पूर्वानुमान
सिक्किम, उत्तर बंगाल, असम और मेघालय में भारी बारिश हो सकती है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना।
झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार।
तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।