नई दिल्ली- देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून 24 जून तक 22 राज्यों में पहुंच चुका है, लेकिन पिछले पांच दिनों से इसकी रफ्तार धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून फिलहाल मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और गुजरात के कई हिस्सों में आगे नहीं बढ़ पा रहा है। वहीं, शेष राज्यों में इसके 5 जुलाई तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। इस बीच पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं।
22 राज्यों तक पहुंचा मानसून, 5 जुलाई तक पूरे देश में फैलने की उम्मीद
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून अब तक देश के 22 राज्यों को कवर कर चुका है। हालांकि पिछले कुछ दिनों से इसकी गति धीमी हो गई है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि परिस्थितियां अनुकूल रहने पर 5 जुलाई तक मानसून शेष राज्यों में भी पहुंच जाएगा।
असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल के निचले इलाकों और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में जलभराव, भूस्खलन और नदी-नालों के उफान की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
6 राज्यों में प्री-मानसून बारिश, कई इलाकों में गर्मी बरकरार
मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और गुजरात के कई हिस्सों में प्री-मानसून बारिश का दौर जारी है। इसके बावजूद कई क्षेत्रों में भीषण गर्मी और उमस का असर बना हुआ है। बुधवार को राजस्थान के फलोदी में देश का सबसे अधिक 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं आगरा, भिवानी, दतिया, दिल्ली और अहमदाबाद में भी पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहा।
बारिश से हादसे भी, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में जान-माल का नुकसान
मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा में उफनते पुल को पार करते समय एक ट्रैक्टर बह गया, जिसमें चालक लापता है। वहीं छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवार गिरने से दो बच्चियों की मौत हो गई। सुकमा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की जान चली गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हुए हैं।
30 जून और 1 जुलाई का मौसम पूर्वानुमान
30 जून को छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा, केरल, गोवा, तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की संभावना है। बिहार में तेज आंधी चल सकती है, जबकि राजस्थान, मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं और गर्मी का असर बना रह सकता है। 1 जुलाई को आंध्र प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी तेज बारिश जारी रहने की संभावना है। वहीं मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हीटवेव का असर बना रह सकता है।