देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, गुजरात समेत 16 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल सकता है और कई क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
अगले 10 घंटे में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 10 घंटे के भीतर कई राज्यों में तेज बारिश के साथ 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम में इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग ने खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
इन 16 राज्यों में जारी किया गया अलर्ट
आईएमडी ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, असम, कर्नाटक, झारखंड और पश्चिम बंगाल के लिए बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में मानसून उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और गुजरात के कई हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। इसके चलते इन राज्यों में वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान
राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में आज हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार यहां 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि बादल छाए रहने से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रह सकता है।
मध्यप्रदेश के 40 से अधिक जिलों में येलो अलर्ट
मध्यप्रदेश में मानसून फिलहाल आलीराजपुर से अनूपपुर तक सक्रिय है। प्रदेश के कई हिस्सों में अभी भी गर्मी और उमस बनी हुई है, लेकिन आने वाले दिनों में बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर समेत 40 से अधिक जिलों में आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का भी अनुमान है।
उत्तरप्रदेश समेत कई राज्यों में बढ़ेंगी बारिश की गतिविधियां
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, मेरठ और मुजफ्फरनगर में अच्छी बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्म हवाओं का असर बना रह सकता है।वहीं पंजाब में भी अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में भी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर की कश्मीर घाटी में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की भी संभावना है।
हिमाचल प्रदेश के शिमला, कांगड़ा, चंबा, मंडी, कुल्लू और किन्नौर जिलों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।