मुंबई: मुंबई में भारी बारिश के बीच बुधवार तड़के कुर्ला के चिराग नगर इलाके में भूस्खलन की घटना सामने आई। पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक खिसककर नीचे बनी चॉल और घरों पर जा गिरा। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। मलबे में अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है। पुलिस, बीएमसी और बचाव दल मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं।
सुबह करीब 4 बजे अचानक खिसका पहाड़
हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ। लगातार बारिश के बीच चिराग नगर के अशोक नगर इलाके में पहाड़ी का हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा। मलबा तेजी से नीचे बने मकानों तक पहुंच गया, जिससे कई घर इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी।
मलबे से दो शव बरामद
रेस्क्यू टीमों ने मलबे में तलाश शुरू की और अब तक दो लोगों के शव बरामद किए हैं। इसके अलावा दो घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। घायलों में 18 वर्षीय सोहेल अंसारी और 14 वर्षीय मोहम्मद अंसारी शामिल हैं।
कई लोगों के दबे होने की आशंका
प्रशासन को आशंका है कि भूस्खलन के मलबे में अभी कई लोग फंसे हो सकते हैं। राहत दल मशीनों की मदद से मलबा हटाकर लोगों की तलाश कर रहे हैं। रेस्क्यू के दौरान इस बात का भी ध्यान रखा जा रहा है कि मलबे के नीचे कोई व्यक्ति मौजूद हो तो उसे सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला जा सके।
पुलिस और NDRF की टीमें मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही महाराष्ट्र पुलिस और आपदा राहत दल मौके पर पहुंच गए। NDRF की टीमें भी बचाव अभियान में जुटी हैं। घटनास्थल पर एंबुलेंस तैनात की गई हैं, ताकि मलबे से निकाले जाने वाले घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा सके।
लगातार बारिश से बढ़ा भूस्खलन का खतरा
मुंबई में पिछले कुछ समय से बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी और ढलान वाले इलाकों में मिट्टी कमजोर होने से भूस्खलन का खतरा बढ़ जाता है। कुर्ला की इस घटना के बाद आसपास के संवेदनशील इलाकों में भी सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क है।