पुडुचेरी - पीएम मोदी ने आज यानी के रविवार को पुडुचेरी में 2,700 करोड़ रुपये से ज़्यादा की लागत वाले अलग-अलग विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने पुडुचेरी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का जिक्र किया और इसे महात्माओं, कवियों और स्वतंत्रता सेनानियों की भूमि बताया। उन्होंने कहा कि यहीं महाकवि सुब्रमण्यम भारती ने राष्ट्रवाद की लौ जलाई थी।
पुडुचेरी का विकास और BEST विज़न
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले आने पर उन्होंने पुडुचेरी के लिए BEST मंत्र दिया था – बिज़नेस, एजुकेशन, स्पिरिचुअलिटी और टूरिज़्म। पिछले 4.5 साल में यह विज़न फलित हुआ है। उन्होंने केंद्र और UT सरकार के समन्वय से तेज़ और बेहतर नतीजों की सराहना की।
इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर
पीएम मोदी ने बताया कि इस साल के बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 12 लाख करोड़ रुपये अलग रखे गए हैं। पुडुचेरी को कैपिटल इन्वेस्टमेंट स्कीम में शामिल किया गया, जिससे बेहतर सड़कें, पानी की सप्लाई, कोस्टल इंफ्रास्ट्रक्चर, स्कूल, अस्पताल और अन्य प्रोजेक्ट्स पर फोकस होगा।
शिक्षा और युवा सशक्तिकरण
प्रधानमंत्री ने कहा कि युवा हमारी तरक्की की नींव हैं। NIT कराईकल में नया डॉ. APJ अब्दुल कलाम इंजीनियरिंग ब्लॉक और आधुनिक अस्पताल सुविधाएं छात्रों के लिए तकनीकी शिक्षा को मज़बूत करेंगी। पुडुचेरी यूनिवर्सिटी में भी इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड किए गए हैं।
इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और हाउसिंग
पीएम मोदी ने पुडुचेरी को पर्यटन हब बताते हुए PM E बस सेवा के तहत इलेक्ट्रिक बसों का ज़िक्र किया, जो प्रदूषण कम करने में मदद करेंगी। उन्होंने हाउसिंग प्रोजेक्ट्स का भी जिक्र किया, जो परिवारों को स्थिरता और गरिमा प्रदान करेंगे।
पिछली सरकारों की आलोचना
प्रधानमंत्री ने डबल इंजन सरकार के काम की सराहना करते हुए कहा कि पहले कांग्रेस और DMK के शासन में पुडुचेरी के लोग राजनीतिक अस्थिरता, भ्रष्टाचार, अपराध और गरीबों की तकलीफों से जूझते थे। राशन की कमी, सैलरी में देरी और गुंडा-ड्रग माफिया का शासन आम जनजीवन को प्रभावित कर रहा था। पीएम मोदी ने पुडुचेरी में विकास, शिक्षा, हाउसिंग और ग्रीन मोबिलिटी पर जोर देते हुए कहा कि ये परियोजनाएं प्रदेश की तरक्की और जनता की भलाई के लिए मील का पत्थर साबित होंगी।
Comments (0)