नई दिल्ली। NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लातूर के एक कोचिंग संस्थान संचालक को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी ने प्रोफेसर शिवराज मोटेगांवकर को हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 9 दिन की सीबीआई कस्टडी में भेज दिया गया।
लातूर के कोचिंग संस्थान से जुड़ा मामला
प्रोफेसर शिवराज मोटेगांवकर लातूर स्थित आरसीसी कोचिंग संस्थान के संचालक हैं। यह संस्थान NEET-UG परीक्षा की तैयारी कराता है और इसकी कुल 9 शाखाएं संचालित हैं। मुख्य शाखा लातूर में स्थित है।
सीबीआई जांच में सामने आया है कि शिवराज मोटेगांवकर एनटीए से जुड़े रसायन विज्ञान के व्याख्याता पी.वी. कुलकर्णी के करीबी बताए जा रहे हैं। जांच के दौरान उनके संस्थान और घर से रसायन विज्ञान का ऐसा प्रश्नपत्र बरामद हुआ, जिसमें 3 मई को आयोजित NEET परीक्षा से मिलते-जुलते सवाल पाए गए।
अब तक 10 लोगों की गिरफ्तारी
इस मामले में अब तक कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहिलियानगर समेत कई शहरों में कार्रवाई की गई है।
पिछले 24 घंटों में सीबीआई ने पांच अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की, जहां से कई दस्तावेज, लैपटॉप और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जांच एजेंसी इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है।
12 मई को दर्ज हुआ था मामला
शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की शिकायत के आधार पर सीबीआई ने 12 मई 2026 को NEET-UG पेपर लीक मामला दर्ज किया था। इसके बाद विशेष जांच टीमें गठित कर देशभर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
बिचौलियों की भी गिरफ्तारी
सीबीआई के अनुसार जांच में यह पता चला है कि परीक्षा से पहले रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान के प्रश्नपत्र लीक किए गए थे। एजेंसी ने उन बिचौलियों को भी गिरफ्तार किया है, जो छात्रों को कथित विशेष कोचिंग क्लास के जरिए परीक्षा के सवाल उपलब्ध कराने के बदले लाखों रुपये वसूल रहे थे।