नई दिल्ली - केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण देश में उपजी स्थिति पर मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि, हमारे सामने सप्लाई से जुड़ी कोई समस्या नहीं है। आज देश के पास कच्चे तेल, एलएनजी और एलपीजी का पर्याप्त भंडार मौजूद है। जब यह संकट शुरू हुआ था तब कुछ चिंताएं जरूर थीं लेकिन हमने इस चुनौती को अवसर में बदल दिया।
हमने एलपीजी के घरेलू उत्पादन को बढ़ाया है
प्राकृतिक गैस मंत्री ने देश की जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि, हमने एलपीजी के घरेलू उत्पादन को बढ़ाया है। क्षमता जो पहले 36 हजार मीट्रिक टन प्रतिदिन थी, अब इसे बढ़ाकर 54 हजार मीट्रिक टन प्रतिदिन कर दिया गया है। आपने देखा होगा कि कहीं भी किसी प्रकार की कमी नहीं है। पिछले चार वर्षों में कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।
भारत आज भी बेहतर स्थिति में है
हरदीप सिंह पुरी ने आगे पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि, हमें नहीं पता कि होर्मुज जलडमार्ग में नाकेबंदी कितने समय तक जारी रहेगी। लेकिन मैं स्पष्ट तौर पर कह सकता हूं कि आज भारत बेहतर स्थिति में है। उन्होंने आगे कहा कि, दुनिया के कई अन्य देशों को उपलब्धता और सप्लाई की गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ा है। वहां कीमतें 50-60 प्रतिशत तक बढ़ गई हैं।
पीएम मोदी का बयान बेहद दूरदर्शी है
बीजेपी नेता पुरी ने पीएम मोदी की अपील के संबंध में कहा कि, प्रधानमंत्री का बयान बेहद दूरदर्शी है। वह भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह संकेत देता है कि अगर यह स्थिति लंबे समय तक जारी रहती है तो हमें अपनी जीवनशैली में क्या बदलाव करने चाहिए। इस पर विचार करना जरूरी है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि कुछ बुरा होने वाला है। ऐसी बातें केवल नकारात्मक माहौल और घबराहट पैदा करती हैं।
तेल कंपनियां नुकसान उठा रही हैं
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री ने कहा कि, मैं हर दिन तेल क्षेत्र की कंपनियों के सीएमडी के साथ एक से डेढ़ घंटे तक स्थिति की समीक्षा करता हूं। चिंता की बिल्कुल भी कोई बात नहीं है। हालांकि मेरी तेल कंपनियां रोजाना लगभग 1000 करोड़ रुपये का नुकसान उठा रही हैं, इसलिए हमें इन बातों पर ध्यान देना होगा
देश में किसी भी पेट्रोलियम उत्पाद की कमी नहीं है
वहीं सोशल मीडिया साइट X पर एक पोस्ट में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने लिखा है कि, देश में किसी भी पेट्रोलियम उत्पाद की कमी नहीं है । भारत के पास 60 दिनों का कच्चा तेल, 60 दिनों की LNG और 45 दिनों का एलपीजी भंडार उपलब्ध है।पश्चिम एशिया में तनाव के बीच निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भारत ने अपने दैनिक एलपीजी उत्पादन में अभूतपूर्व वृद्धि (35,000 टन से बढ़ाकर 54,000 टन) की है। इस दौरान कई सारे देशों में तेल के दाम व उपलब्धता को लेकर उतार-चढ़ाव आए लेकिन भारत में कोई असर नहीं पड़ा। कुछ लोगों ने कालाबाजारी की, अफवाह फैलाने की पूरी कोशिश की, पर PM @narendramodi जी के मार्गदर्शन में हमारे प्रयासों से देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कहीं कोई कमी नई आई।