प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त का इंतजार अब भी जारी है। फरवरी बीत चुका, होली भी आ गई, लेकिन किसानों के खाते में अब तक 2-2 हजार रुपये नहीं पहुंचे। इस देरी के बीच एक नई खबर ने उम्मीदें बढ़ा दी हैं। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द असम का दौरा करने वाले हैं और संभव है कि इसी रैली से 22वीं किस्त को लेकर बड़ा ऐलान हो।
असम दौरे में हो सकता है बड़ा एलान
असम के मंत्री उर्खाओ ग्वारा ब्रह्मा ने जानकारी दी है कि प्रधानमंत्री 13 मार्च को कोकराझार का दौरा करेंगे। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी इस दौरान राज्य में कई विकास परियोजनाओं की नींव रखेंगे। चूंकि यह दौरा वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले हो रहा है, इसलिए राजनीतिक हलकों में यह चर्चा है कि इस मंच से पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त का एलान किया जा सकता है। हालांकि, यह केवल संभावना है। अभी तक सरकार की ओर से कोई भी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
22वीं किस्त को लेकर स्थिति क्या है?
सरकारी सूत्रों या आधिकारिक बयान में अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि किसानों को 22वीं किस्त कब मिलेगी। जब तक सरकार की ओर से औपचारिक घोषणा नहीं होती, तब तक किसी भी तारीख को निश्चित मानना जल्दबाजी होगी। किसानों को सलाह दी जाती है कि वे आधिकारिक पोर्टल और विश्वसनीय सरकारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
पिछली किस्त कब आई थी?
पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त 19 नवंबर 2025 को जारी की गई थी। उसी के बाद से लाखों किसान 22वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं। यह अनुमान लगाया जा रहा था कि होली से पहले किस्त जारी कर दी जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। देश के कई राज्यों में होली 3 और 4 मार्च को मनाई जा रही है, जिससे किसानों में भ्रम और बढ़ गया है।
किसानों की उम्मीदें बरकरार
भले ही अब तक कोई आधिकारिक सूचना नहीं आई हो, लेकिन प्रधानमंत्री के असम दौरे के चलते किसानों ने एक बार फिर उम्मीद लगा ली है कि जल्द ही उनके खाते में 2-2 हजार रुपये पहुंच सकते हैं। सरकार अक्सर महत्वपूर्ण घोषणाएं सार्वजनिक कार्यक्रमों में करती है, इसलिए कोकराझार की रैली पर सबकी नजरें टिकी हैं। किसानों को राहत कब मिलेगी, यह सरकार के अगले कदम पर निर्भर करेगा, लेकिन इतना तय है कि 22वीं किस्त का इंतजार पूरे देश के लाखों लाभार्थियों के लिए सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है।
Comments (0)