नरेंद्र मोदी ने हिमंता बिस्वा सरमा को दूसरी बार असम का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यह असम के लिए शानदार दिन है और लगातार तीसरी बार NDA सरकार ने सत्ता संभाली है।
हिमंता सरमा की प्रशंसा की
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हिमंता बिस्वा सरमा ने एक बेहतरीन प्रशासक के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है और राज्य के विकास के लिए अग्रणी कार्य किए हैं। उन्होंने सरमा के आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
नए मंत्रियों को भी दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री ने मंत्री पद की शपथ लेने वाले रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और अजंता नेओग को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि ये सभी नेता असम के विकास को नई गति देंगे।
राजनाथ सिंह और गडकरी ने भी दी बधाई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हिमंता सरमा के नेतृत्व में असम विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छुएगा। वहीं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि असम में विकास और परिवर्तन का नया अध्याय शुरू हो रहा है।
लगातार दो कार्यकाल वाले पहले गैर-कांग्रेसी CM
हिमंता बिस्वा सरमा लगातार दो बार असम के मुख्यमंत्री बनने वाले पहले गैर-कांग्रेसी नेता बन गए हैं। गुवाहाटी में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह में कई दिग्गज नेता रहे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में अमित शाह, निर्मला सीतारमण समेत कई केंद्रीय मंत्री और NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे।