नरेंद्र मोदी 15 मई से 20 मई के बीच पांच देशों की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक प्रधानमंत्री इस दौरान संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली का दौरा करेंगे।
UAE से होगी यात्रा की शुरुआत
प्रधानमंत्री 15 मई को UAE पहुंचेंगे, जहां वे राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात करेंगे। दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा होगी।
नीदरलैंड में रक्षा और ग्रीन हाइड्रोजन पर जोर
15 से 17 मई तक प्रधानमंत्री नीदरलैंड में रहेंगे। यहां वे प्रधानमंत्री रॉब जेटन, राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से मुलाकात करेंगे। यात्रा के दौरान रक्षा, सेमीकंडक्टर, ग्रीन हाइड्रोजन और जल प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर फोकस रहेगा।
स्वीडन में AI और टेक्नोलॉजी पर चर्चा
17 से 18 मई के बीच प्रधानमंत्री गोथेनबर्ग जाएंगे। यहां वे स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन के साथ व्यापार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्टअप, डिफेंस और क्लाइमेट एक्शन जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
नॉर्वे में भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन
18 से 19 मई तक प्रधानमंत्री नॉर्वे दौरे पर रहेंगे। वे तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर से मुलाकात करेंगे। यह पिछले 43 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली आधिकारिक नॉर्वे यात्रा होगी।
इटली में होगा दौरे का समापन
19 से 20 मई तक प्रधानमंत्री इटली में रहेंगे। यहां वे प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और राष्ट्रपति सर्जियो मटेरेला से मुलाकात करेंगे। इस दौरान भारत-यूरोप व्यापार और निवेश सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा होगी।