जोधपुर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को जानकारी दी कि जोधपुर में पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से प्रतीक्षित नया एयरपोर्ट टर्मिनल अब पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को इसका उद्घाटन करेंगे।
पश्चिमी राजस्थान का प्रमुख एयर कनेक्टिविटी हब बनेगा जोधपुर
नई दिल्ली से जोधपुर पहुंचने के बाद मीडिया से बातचीत में गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि जोधपुर एयरपोर्ट केवल शहर ही नहीं, बल्कि पूरे पश्चिमी राजस्थान के लिए हवाई संपर्क का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हवाई यात्रा और अर्थव्यवस्था दोनों का तेजी से विस्तार हुआ है, जिससे यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ी है।
बढ़ते यात्री दबाव को देखते हुए बनाया गया नया टर्मिनल
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि मौजूदा टर्मिनल पर यात्रियों का दबाव लगातार बढ़ रहा था। इसी कारण आधुनिक सुविधाओं से लैस नए टर्मिनल का निर्माण किया गया। उन्होंने कहा कि तकनीकी मंजूरी की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी होने की उम्मीद है।
पर्यटन, व्यापार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा
शेखावत ने कहा कि नए टर्मिनल के शुरू होने से यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इसके साथ ही पर्यटन, व्यापार और निवेश को भी नई गति मिलेगी, जिससे पश्चिमी राजस्थान के विकास को बड़ा बल मिलेगा।
4 जुलाई को राजस्थान को मिलेंगी कई बड़ी परियोजनाएं
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को राजस्थान को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसी दिन करीब 13,000 करोड़ रुपये की लागत वाली जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना का शिलान्यास भी किया जाएगा।
पचपदरा रिफाइनरी का भी करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान बाड़मेर स्थित पचपदरा रिफाइनरी का भी उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम पहले 21 अप्रैल को प्रस्तावित था, लेकिन रिफाइनरी में आग लगने की घटना के बाद इसे स्थगित कर दिया गया था। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दौरे की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।