हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश के भाजपा विधायक शनिवार, 3 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर मिले। बैठक में हरियाणा भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता समेत पार्टी के सभी 48 विधायक शामिल हुए।
बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा सरकार के कामकाज के साथ-साथ विधायकों से उनके-अपने विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों और जनता से जुड़े मुद्दों की जानकारी ली। बैठक में सरकार की योजनाओं और विकास गतिविधियों पर फीडबैक भी लिया गया।
विकास कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विधायकों से अपने विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले विकास कार्यों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।प्रधानमंत्री ने कहा कि विधायकों को जनता को अपने साथ जोड़कर काम करना चाहिए। स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी के जरिए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने पर फोकस किया गया।
स्थायी जनसेवा प्रकल्प शुरू करने का सुझाव
प्रधानमंत्री मोदी ने विधायकों को अपने-अपने क्षेत्रों में जनता से सीधे जुड़े कम से कम एक स्थायी प्रकल्प शुरू करने का सुझाव दिया।बैठक से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, इसके उदाहरण के तौर पर स्कूल शुरू करने, गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग करने या इसी तरह के जनसेवा से जुड़े कार्यों का उल्लेख किया गया।
प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे प्रकल्प केवल विधायक के कार्यकाल तक सीमित नहीं रहने चाहिए। विधायक पद पर रहें या नहीं, उनके द्वारा शुरू किया गया जनसेवा का कार्य लगातार जारी रहना चाहिए।
जैविक खेती को बढ़ावा देने पर भी चर्चा
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृषि क्षेत्र को लेकर भी विधायकों को सुझाव दिए। उन्होंने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को जैविक खेती की ओर प्रोत्साहित करने पर फोकस करने की बात कही।इस दौरान किसानों से जुड़े मुद्दों और कृषि क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।