नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अफ्रीकी द्वीपीय देश सेशेल्स के दो दिवसीय राजकीय दौरे पर रवाना हो गए हैं। सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री 27 से 29 जून, 2026 तक राजधानी विक्टोरिया में रहेंगे और कई अहम कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने दौरे की जानकारी भी साझा की।
11 साल बाद सेशेल्स पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह सेशेल्स यात्रा 11 साल बाद हो रही है। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2015 में इस हिंद महासागर द्वीपीय राष्ट्र का दौरा किया था। इस बार भी उनका दौरा भारत और सेशेल्स के रणनीतिक संबंधों को नई मजबूती देने वाला माना जा रहा है।
नेशनल डे समारोह में होंगे 'गेस्ट ऑफ ऑनर'
पीएम मोदी सेशेल्स के नेशनल डे सेलिब्रेशन्स के गोल्डन जुबली समारोह में 'गेस्ट ऑफ ऑनर' के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी और भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत भी समारोह में भाग लेंगे।
राष्ट्रपति हर्मिनी से होगी द्विपक्षीय वार्ता
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी। दोनों नेता भारत-सेशेल्स संबंधों, समुद्री सुरक्षा, विकास सहयोग, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों सहित कई अहम विषयों पर चर्चा करेंगे।
नेशनल असेंबली को करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री सेशेल्स की नेशनल असेंबली को भी संबोधित करेंगे। इसके अलावा वे वहां रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे और उनसे संवाद करेंगे।
भारत-सेशेल्स संबंधों को मिलेगी नई मजबूती
भारत और सेशेल्स के बीच लंबे समय से ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामरिक साझेदारी रही है। हिंद महासागर क्षेत्र में सेशेल्स भारत का महत्वपूर्ण समुद्री साझेदार है। प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा दोनों देशों के बीच रक्षा, समुद्री सुरक्षा, व्यापार, विकास सहयोग और 'विजन महासागर' के तहत साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।