पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल मर्डर केस में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। अब जांच में सामने आया है कि केतन की हत्या से एक दिन पहले उसकी मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी एक कैफे में मिले थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इसी मुलाकात के दौरान लोहगढ़ किले पर केतन को खाई में धक्का देकर मारने की साजिश रची गई थी। जांच एजेंसियों का दावा है कि दोनों आरोपियों ने पहले ही उस जगह की पहचान कर ली थी जहां से केतन को धक्का देना था। इतना ही नहीं, यदि यह योजना नाकाम रहती तो 20 जून के बाद सड़क हादसे का रूप देकर हत्या करने का बैकअप प्लान भी तैयार था।
पहले आया आइडिया, फिर बनी पूरी साजिश
पुलिस जांच के अनुसार, 31 मई को जब सिया और केतन लोहगढ़ किले पर गए थे, तभी सिया के मन में पहली बार केतन को रास्ते से हटाने का विचार आया। इसके बाद 14 जून को कथित तौर पर उसे धक्का देने की कोशिश भी की गई, लेकिन केतन पेड़ के सहारे बच गया। बताया जा रहा है कि उस समय सिया ने सांप दिखने का बहाना बनाकर घटना को हादसा साबित करने की कोशिश की थी। केतन ने घरवालों को भी बताया था कि सिया ने उसकी जान बचाई।
आमने-सामने बैठाकर पूछताछ
पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को 7 दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों को आमने-सामने बैठाकर कई घंटों तक सवाल किए गए। मामले में चेतन की दुकान में काम करने वाले नीरज को भी हिरासत में लिया गया है। जांचकर्ताओं को शक है कि वारदात वाले दिन चेतन ने नीरज के मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर सिया से संपर्क किया था, ताकि अपनी लोकेशन और बातचीत छिपाई जा सके।
सिया का दावा- शादी नहीं करना चाहती थी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में सिया ने बताया कि वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और उसने कई बार यह बात साफ भी की थी। लेकिन केतन शादी की तैयारियों में जुटा रहा और रिश्ते को आगे बढ़ाने पर अड़ा रहा। पुलिस अब इस एंगल की भी जांच कर रही है कि क्या शादी का दबाव और प्रेम संबंध इस हत्या की मुख्य वजह बने।
18 जून को तीसरी कोशिश में हुई हत्या
जांच में सामने आया है कि 19 जून को सिया का जन्मदिन मनाने के लिए केतन ने महाबलेश्वर में लग्जरी रिजॉर्ट बुक किया था। उससे पहले प्री-वेडिंग फोटोशूट के बहाने सिया उसे फिर लोहगढ़ किले पर ले गई। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान चेतन भी वहां मौजूद था। जब केतन पहाड़ी की ओर देख रहा था, तभी दोनों ने कथित तौर पर उसे पीछे से धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
17 करोड़ का पैलेस और चार्टर्ड प्लेन भी बुक
केतन अग्रवाल पुणे के चर्चित रियल एस्टेट कारोबारी परिवार से जुड़े थे। नवंबर में दोनों की शादी तय थी। शादी के लिए राजस्थान में करीब 17 करोड़ रुपये का पैलेस बुक किया गया था। मेहमानों के लिए दो चार्टर्ड विमान तक रिजर्व किए गए थे। सगाई के बाद सिया ने सोशल मीडिया पर कई रोमांटिक तस्वीरें और वीडियो साझा किए थे, जिनमें दोनों साथ डांस करते और खुश नजर आते थे। यही वजह है कि यह मामला अब पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है।