भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु दुबई एयरपोर्ट पर फंस गई हैं। अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर मिसाइल हमलों के बाद हालात बिगड़ गए हैं, जिसके चलते मिडिल ईस्ट के कई हिस्सों में उड़ानें रोक दी गई हैं।
जानकारी के मुताबिक सिंधु बर्मिंघम जा रही थीं, जहां 3 मार्च से All England Open Badminton Championships शुरू होना है। दुबई उनका कनेक्टिंग पॉइंट था, लेकिन क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक Dubai International Airport पूरी तरह ठप हो गया। हजारों यात्रियों की तरह दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु भी वहीं फंसी हुई हैं।
दुबई एयरपोर्ट पूरी तरह बंद
दुबई एयरपोर्ट प्रबंधन ने पुष्टि की है कि दुबई इंटरनेशनल और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सभी उड़ानें अगली सूचना तक बंद हैं। यात्रियों से एयरपोर्ट न आने की अपील की गई है।
Emirates ने क्षेत्रीय एयरस्पेस बंद होने के चलते दुबई से आने-जाने वाली सभी उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दी हैं। फ्लाईदुबई ने भी अपने ऑपरेशन निलंबित कर दिए हैं। वहीं एतिहाद एयरवेज ने अबू धाबी से रवाना होने वाली सभी फ्लाइट्स रविवार सुबह 10 बजे (GMT) तक रद्द कर दी हैं।
गौरतलब है कि खाड़ी देशों के एयरपोर्ट एशिया और यूरोप के बीच यात्रा का बड़ा ट्रांजिट हब हैं। ऐसे में इस फैसले का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर व्यापक रूप से पड़ा है। एयरलाइंस ने यात्रियों से अपनी उड़ान की स्थिति नियमित रूप से जांचने और रीबुकिंग संबंधी जानकारी लेने की सलाह दी है।
भारतीय बास्केटबॉल टीम भी फंसी
इस तनाव का असर अन्य भारतीय खिलाड़ियों पर भी पड़ा है। भारतीय बास्केटबॉल महासंघ के मुताबिक, भारत की सीनियर पुरुष बास्केटबॉल टीम दोहा में फंसी हुई है। टीम वहां FIBA Basketball World Cup 2027 Asian Qualifiers के मुकाबलों के लिए गई थी।
Comments (0)