नई दिल्ली। NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों के बीच राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने परीक्षा रद्द कर दी है, जिसके बाद देशभर के लाखों छात्रों में नाराजगी और निराशा का माहौल है।
NEET परीक्षा रद्द होने पर राहुल गांधी का बड़ा बयान
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक परीक्षा रद्द होने का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं के सपनों और मेहनत के साथ अन्याय है।
उन्होंने कहा,
“22 लाख से ज्यादा छात्रों की मेहनत, त्याग और सपनों को भ्रष्ट व्यवस्था ने कुचल दिया।”
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि किसी पिता ने बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज लिया, किसी मां ने गहने बेचे और छात्रों ने रात-रात भर जागकर तैयारी की, लेकिन बदले में उन्हें पेपर लीक और सरकारी लापरवाही मिली।
“पेपर माफिया बच जाते हैं, छात्र भुगतते हैं सजा”
राहुल गांधी ने कहा कि हर बार पेपर माफिया बच निकलते हैं और ईमानदारी से मेहनत करने वाले छात्र मानसिक तनाव और आर्थिक बोझ झेलते हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर छात्रों का भविष्य मेहनत के बजाय पैसे और पहुंच से तय होगा, तो शिक्षा व्यवस्था का क्या मतलब रह जाएगा।
प्रधानमंत्री पर भी साधा निशाना
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार का तथाकथित “अमृतकाल” अब युवाओं के लिए “विषकाल” बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा घोटालों ने देश की शिक्षा व्यवस्था को कमजोर कर दिया है और छात्रों का भरोसा टूट रहा है।
छात्रों ने भी जताई नाराजगी
NEET उम्मीदवारों ने भी परीक्षा रद्द होने पर नाराजगी जाहिर की है। कई छात्रों ने कहा कि इतनी मेहनत के बाद परीक्षा रद्द होना मानसिक रूप से बेहद परेशान करने वाला है। एक छात्र ने कहा कि अगर इतनी बड़ी एजेंसी होने के बावजूद पेपर लीक हो रहा है, तो यह व्यवस्था पर बड़ा सवाल है।
सीबीआई जांच के आदेश
पेपर लीक के आरोपों के बाद केंद्र सरकार ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी है। एनटीए ने परीक्षा रद्द करने का फैसला लेते हुए कहा कि निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह कदम जरूरी था।